अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी की खबरों ने फिर पकड़ा जोर
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की CEO व बिजनेसवुमन काव्या मारन की शादी को लेकर चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। ताजा रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दोनों इस साल के अंत में ग्रीस में डेस्टिनेशन वेडिंग कर सकते हैं। हालांकि, अनिरुद्ध या काव्या की ओर से अब तक उनके रिश्ते, सगाई या शादी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित तौर पर अनिरुद्ध और काव्या की शादी 10 नवंबर 2026 को ग्रीस में हो सकती है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि यह तारीख दिवाली के दो दिन बाद की है। हालांकि, शादी के संभावित वेन्यू और अन्य तैयारियों को लेकर फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है।
शादी की इन अटकलों को उस समय और हवा मिली जब दिग्गज अभिनेता और अनिरुद्ध के मामा महेंद्रन ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अपने भांजे की शादी को लेकर बात की। उन्होंने अनिरुद्ध को बधाई देते हुए कहा कि वह एक “बहुत बड़ी शादी” की ओर बढ़ रहे हैं।
महेंद्रन ने काव्या मारन की भी तारीफ की और IPL की एक बड़ी फ्रेंचाइजी को सफलतापूर्वक संभालने की उनकी क्षमता की सराहना की। उन्होंने काव्या के बिजनेस कौशल की भी तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता कलानिधि मारन से बिजनेस की समझ विरासत में मिली है।
उनके इन बयानों के बाद सोशल मीडिया और फैंस के बीच अनिरुद्ध और काव्या की शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
लंबे समय से जारी है रिश्ते की चर्चा
अनिरुद्ध और काव्या के रिश्ते को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जाती रही हैं। हालांकि, दोनों ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की है। महेंद्रन इससे पहले भी दोनों को एक-दूसरे के लिए उपयुक्त बताते हुए उनके साथ मिलकर काम करने की संभावनाओं पर बात कर चुके हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और व्यस्त म्यूजिक कंपोजर्स में से एक हैं और उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वहीं, काव्या मारन सनराइजर्स हैदराबाद और IPL से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालती हैं।
फिलहाल 10 नवंबर 2026 को ग्रीस में शादी की खबर महज रिपोर्ट्स और अटकलों तक सीमित है। जब तक अनिरुद्ध या काव्या की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आता, तब तक शादी की तारीख और डेस्टिनेशन को पक्की खबर मानना जल्दबाजी होगी।
