वॉशिंगटन में एस. जयशंकर–मार्को रूबियो की अहम बैठक, व्यापार से लेकर क्रिटिकल मिनरल्स तक सहयोग पर चर्चा

S. Jaishankar and Marco Rubio hold important meeting in Washington, discussing cooperation on issues ranging from trade to critical minerals.चिरौरी न्यूज

वॉशिंगटन: विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स) की खोज, खनन और प्रोसेसिंग के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को औपचारिक रूप देने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में भारत–अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से बातचीत हुई। इसमें व्यापार, ऊर्जा, परमाणु सहयोग, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्र शामिल रहे। उन्होंने कहा कि दोनों देश साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न तंत्रों की जल्द बैठकें करने पर सहमत हुए हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रधान उप प्रवक्ता टॉमी पिगोट द्वारा जारी बयान के अनुसार, मार्को रूबियो और एस. जयशंकर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुए भारत–अमेरिका व्यापार समझौते का स्वागत किया। बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने नए आर्थिक अवसर खोलने और साझा ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों लोकतांत्रिक देशों के साथ मिलकर काम करने के महत्व पर जोर दिया।

बयान में यह भी कहा गया कि दोनों मंत्रियों ने क्वाड के माध्यम से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि एक समृद्ध और स्थिर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र भारत और अमेरिका के साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए बेहद अहम है।

गौरतलब है कि यह बैठक उस घोषणा के एक दिन बाद हुई है, जिसमें राष्ट्रपति ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर बताया था कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं। इस समझौते के तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर 2 से 4 फरवरी तक अमेरिका की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो द्वारा आयोजित क्रिटिकल मिनरल्स मिनिस्टीरियल में भी हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान जयशंकर अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी कई अहम बैठकें करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *