करीना कपूर की प्रेग्नेंसी पर सबा पटौदी बोलीं, ‘कोई कयास नहीं, कुछ बातें प्राइवेट रहने दें’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर की प्रेग्नेंसी की अफवाहों ने सोशल मीडिया पर जोर पकड़ लिया था। हाल ही में एक वायरल पैपराजी वीडियो सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने दावा किया कि करीना बेबी बंप के साथ नजर आईं। हालांकि, अब सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी ने इन अटकलों को खारिज करते हुए साफ किया है कि ऐसा कुछ नहीं है।
सबा ने वायरल वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया और कहा कि एक गलत कैमरा एंगल की वजह से लोगों ने करीना की प्रेग्नेंसी को लेकर अनुमान लगाना शुरू कर दिया। उन्होंने लिखा, “एक खराब एंगल या खराब हेयर डे! हर कोई इतनी बड़ी बात कैसे मान सकता है? वह एयरपोर्ट से बेहद स्टाइलिश, क्लासी और स्लिम होकर निकली थीं और आज जिम से! बस इतना ही।”
सबा ने आगे मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह तो अपनी बहन सोहा अली खान को दूसरे बच्चे के लिए मनाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपनी बहन को दूसरे बच्चे के लिए मनाने की कोशिश कर रही हूं… काश ये सच होता! वह मेरे ऐसा कहने पर मुझे मार डालेगी। लोगों को अपनी जिंदगी जीने दें। कुछ बातें प्राइवेट रहने दें। किसी तरह के कयास लगाने की जरूरत नहीं है।”
इससे पहले करीना कपूर की टीम भी उनकी प्रेग्नेंसी की खबरों को खारिज कर चुकी है। करीना कपूर और सैफ अली खान दो बेटों तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान के माता-पिता हैं। वहीं, सोहा अली खान और कुणाल खेमू की एक बेटी इनाया है।
हाल ही में फैमिली हॉलिडे पर गई थीं करीना
प्रेग्नेंसी की अफवाहें उस वक्त सामने आईं, जब करीना और सैफ हाल ही में एक फैमिली हॉलिडे से लौटे थे। यह ट्रिप सैफ के 56वें जन्मदिन के मौके पर हुई थी। 16 अगस्त को सैफ का जन्मदिन था। इसके बाद करीना ने इस छुट्टी की कई अनदेखी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
इन तस्वीरों में करीना ने सैफ के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह व्हाइट बिकिनी में नजर आईं। उन्होंने ट्रिप के दौरान खाए गए खाने की तस्वीरें भी पोस्ट कीं। तस्वीरें शेयर करते हुए करीना ने सैफ को अपना “forever ride or die” बताया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर जल्द ही मेघना गुलजार की फिल्म ‘दायरा’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ पृथ्वीराज सुकुमारन दिखाई देंगे। यह एक इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित है।
