साई पल्लवी ने साझा किया ‘रामायण’ में अपने किरदार का अनुभव

Sai Pallavi shared her experience regarding her role in 'Ramayana'.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अभिनेत्री साई पल्लवी ने निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाने के अपने अनुभव को बेहद खास और आध्यात्मिक बताया। दिल्ली में आयोजित फिल्म के ‘प्रथम संकल्प’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह भूमिका उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।

साई पल्लवी ने कहा कि माता सीता जैसा दिव्य किरदार निभाना किसी भी कलाकार के लिए आसान नहीं होता। उन्होंने बताया कि इस भूमिका की तैयारी के दौरान उन्होंने प्रार्थना, ध्यान (मेडिटेशन) और सकारात्मक सोच का सहारा लिया।

उन्होंने कहा, “कलाकारों को ऐसे किरदार आसानी से नहीं मिलते। किसी देवी का पात्र निभाना बेहद कठिन है। इस फिल्म से जुड़ी पूरी टीम ने इसे बेहतरीन बनाने के लिए अपना दिल और आत्मा लगा दी है।”

साई पल्लवी ने आगे कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं सोचा कि उन्होंने माता सीता की भूमिका हासिल की है, बल्कि वह खुद को इसके लिए सौभाग्यशाली मानती हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि मैंने सीता मां का किरदार चुना। यह मेरे लिए एक आशीर्वाद है। यह ऐसा रोल नहीं है जिसके पीछे भागा जा सके या जिसकी योजना बनाई जा सके। मैं ध्यान करती थी और प्रार्थना करती थी कि ‘सीता मां, आप मेरे माध्यम से अभिनय करें। मेरे जरिए जो भी सामने आए, वही इस फिल्म के लिए आपकी इच्छा हो।'”

अभिनेत्री ने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने विचारों को शांत, सकारात्मक और शुद्ध रखने की पूरी कोशिश की, ताकि वह इस सम्मानित किरदार को पूरी श्रद्धा और ईमानदारी के साथ पर्दे पर प्रस्तुत कर सकें।

इस मौके पर निर्देशक नितेश तिवारी ने भी साई पल्लवी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री ने माता सीता के किरदार को जीवंत बनाने के लिए बेहद समर्पण और मेहनत की है।

दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, लारा दत्ता कैकेयी और काजल अग्रवाल मंदोदरी का किरदार निभाती दिखाई देंगी।

इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *