संजू सैमसन का बड़ा खुलासा: सचिन तेंदुलकर की 25 मिनट की बातचीत ने बदली किस्मत

Sanju Samson's big revelation: A 25-minute conversation with Sachin Tendulkar changed his fateचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने संजू सैमसन जब अपने गृह राज्य केरल लौटे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान सैमसन ने खुलासा किया कि वर्ल्ड कप में उनकी सफलता के पीछे मानसिक और तकनीकी दोनों तरह का बड़ा बदलाव था, जिसमें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की अहम भूमिका रही।

पत्रकारों से बातचीत में सैमसन ने बताया कि टूर्नामेंट से कुछ महीने पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद वह काफी टूट गए थे। उसी समय सचिन तेंदुलकर के साथ हुई एक खास बातचीत ने उनके करियर को नई दिशा दी।

सचिन तेंदुलकर की 25 मिनट की कॉल बनी टर्निंग पॉइंट

सैमसन ने बताया कि वह कई सालों से सचिन के संपर्क में थे, लेकिन हाल के खराब दौर में मास्टर ब्लास्टर ने उन्हें खास सलाह दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेंदुलकर ने करीब 25 मिनट तक उनसे बातचीत की और अपने करियर के संघर्षों के अनुभव साझा किए।

सैमसन ने कहा, “वर्ल्ड कप फाइनल से एक दिन पहले भी उन्होंने मुझे फोन किया और पूछा कि सब तैयार है या नहीं। हर किसी को ऐसा सपोर्ट नहीं मिलता और मैं इसके लिए बहुत खुश हूं।”

उन्होंने बताया कि इस सलाह के बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का तरीका बदला और हर गेंद पर हमला करने की आदत छोड़ दी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में वह शांत और योजनाबद्ध अंदाज में खेले और 89 रन की शानदार पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

सोशल मीडिया से बनाई दूरी

सैमसन ने यह भी बताया कि टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी। उन्होंने अपने फोन को लगभग एक महीने तक बंद रखा और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स एक टीम को संभालने के लिए दे दिए।

उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया दोधारी तलवार की तरह है। जब वर्ल्ड कप देश में हो रहा होता है तो बहुत शोर होता है। इसलिए मैंने फोन बंद कर दिया और पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर लगाया।”

सैमसन ने अपने संघर्ष भरे सफर को याद करते हुए कहा कि 2024 वर्ल्ड कप में टीम से बाहर होने के बावजूद केरल के लोगों ने उनका साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने बताया कि कठिन समय में उनकी पत्नी उन्हें फैंस के ऐसे वीडियो दिखाती थीं जिनमें लोग उनकी सफलता के लिए दुआ कर रहे होते थे।

सैमसन ने भावुक होते हुए कहा, “जब मैं टीम में नहीं चुना गया था तब भी लोग मेरे साथ खड़े रहे। उनके सपोर्ट ने मुझे जिम्मेदारी का एहसास कराया। मैं यह प्रदर्शन अपने राज्य के लोगों को समर्पित करता हूं।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *