खेल खिलाड़ी

वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में नाम शामिल होने पर भड़के शिखर धवन, आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे

Shikhar Dhawan furious over his name being included in the World T20 Continent Cup; to take legal action against the organizers.
(File Photo: BCCI/twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने मंगलवार को वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम शामिल किए जाने पर धवन ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि उनकी अनुमति के बिना ऐसा किया गया है। उन्होंने मीडिया और प्रशंसकों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील भी की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, धवन को इस प्रतियोगिता में एशिया वॉरियर्स टीम की ओर से खेलना था। इस टीम में पाकिस्तान के कई क्रिकेटर भी शामिल हैं। हालांकि, धवन ने टूर्नामेंट से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार करते हुए आयोजकों पर उनकी अनुमति के बिना नाम इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्होंने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप में प्रतिभागी के तौर पर अपना नाम देखा है। उन्होंने कहा कि आयोजकों ने उनकी जानकारी और अनुमति के बिना उनके नाम का इस्तेमाल किया है और उनकी टीम इस मामले में उचित कानूनी कदम उठाएगी। साथ ही, उन्होंने मीडिया और प्रशंसकों से अनधिकृत घोषणाओं के आधार पर खबरें प्रकाशित या प्रसारित नहीं करने की अपील की।

दिलचस्प बात यह है कि एशिया वॉरियर्स की टीम में धवन के अलावा भारत के पूर्व क्रिकेटर राहुल शर्मा, गुरकीरत सिंह मान और अभिमन्यु मिथुन के नाम भी शामिल किए गए थे। वहीं, पाकिस्तान के सोहेल तनवीर, इफ्तिखार अहमद और मुहम्मद इमरान खान समेत कई खिलाड़ियों को 24 सदस्यीय टीम में जगह दी गई थी।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों वाली टीम में धवन का नाम सामने आने के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज हो गई। इसकी एक वजह पाकिस्तान को लेकर धवन का पहले का कड़ा रुख भी रहा है। वर्ष 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़े तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान धवन ने सोशल मीडिया पर आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का समर्थन किया था।

धवन ने उस समय एक्स पर लिखा था, “भारत आतंकवाद के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट करता है। भारत माता की जय।” एक अन्य पोस्ट में उन्होंने पाकिस्तान की आलोचना करते हुए तीखी टिप्पणी की थी।

फिलहाल, धवन ने टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी से साफ इनकार कर दिया है और आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। मामले में आयोजकों की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *