सोनू निगम ने कन्नड़ लोगों से मांगी माफी, बोले- रिश्ता बचाने के लिए हजार बार भी सॉरी कहने को तैयार

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम ने अपने पुराने बयान को लेकर कन्नड़ लोगों से माफी मांग ली है। बेंगलुरु में 24 अक्टूबर को होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले सोनू ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि अगर उनकी किसी बात से अनजाने में किसी को ठेस पहुंची है, तो उन्हें इसका बेहद अफसोस है। उन्होंने कहा कि कन्नड़ लोगों के साथ अपने रिश्ते को बचाने के लिए वह हजार बार भी माफी मांगने को तैयार हैं।
सोनू निगम का यह माफीनामा ऐसे समय आया है, जब कन्नड़ समर्थक संगठन कर्नाटक रक्षणा वेदिके (KRV) ने उनके कॉन्सर्ट का विरोध करते हुए बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर से कार्यक्रम की अनुमति नहीं देने की मांग की थी। संगठन ने चेतावनी दी थी कि अगर कार्यक्रम आयोजित किया गया, तो राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
‘रिश्ता बचाना हो तो हजार बार सॉरी कहने में हर्ज नहीं’
अपने वीडियो संदेश में सोनू निगम ने पहले कन्नड़ भाषा में बात की। उन्होंने कहा कि जब आप किसी से प्यार करते हैं और उस रिश्ते को लंबे समय तक बनाए रखना चाहते हैं, तो हजार बार माफी मांगने में भी कोई परेशानी नहीं होती।
सोनू ने आगे कहा, “मेरे प्यारे परिवार, अगर मेरी किसी बात से अनजाने में आपको ठेस पहुंची है, तो मुझे माफ कर दीजिए। आप जानते हैं कि मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, जो कभी किसी को दुख पहुंचाना चाहेगा, खासकर कर्नाटक में रहने वाले अपने परिवार को।”
उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में कर्नाटक के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार और सम्मान दिया है। वह नहीं चाहते कि किसी छोटी-सी गलतफहमी की वजह से उनके रिश्ते में कड़वाहट आए।
पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी टिप्पणी पर हुआ था विवाद
यह विवाद अप्रैल 2025 का है, जब सोनू निगम बेंगलुरु के ईस्ट प्वाइंट कॉलेज में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे। इस दौरान दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने उनसे कन्नड़ भाषा में गाना गाने की मांग की थी।
सोनू ने उस मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्होंने कन्नड़ में अपने करियर के कई बेहतरीन गाने गाए हैं, लेकिन दर्शक द्वारा जिस तरह से कन्नड़ में गाने की मांग की गई, वह उन्हें पसंद नहीं आया। इसी दौरान उन्होंने उस घटना की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से कर दी थी।
उनकी इस टिप्पणी पर कर्नाटक में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी और कई लोगों ने इसे कन्नड़ भाषियों का अपमान बताया था। इस बयान को लेकर सोनू को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
KRV ने कॉन्सर्ट रोकने की मांग की थी
कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रदेश अध्यक्ष टीए नारायण गौड़ा ने आरोप लगाया था कि सोनू निगम ने कन्नड़ गाने की मांग की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करके कन्नड़ लोगों का अपमान किया है।
संगठन ने पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में कहा था कि कन्नड़ लोग इस घटना से पहुंची ठेस को नहीं भूले हैं। KRV ने 24 अक्टूबर को होने वाले सोनू निगम के कॉन्सर्ट की अनुमति रद्द करने की मांग की थी और कार्यक्रम आयोजित होने पर राज्यव्यापी विरोध की चेतावनी दी थी।
24 अक्टूबर को बेंगलुरु में होना है कॉन्सर्ट
सोनू निगम का कॉन्सर्ट ‘द रिवोल्यूशन इंडिया टूर’ के तहत 24 अक्टूबर को शाम 7 बजे बेंगलुरु के थानिसांद्रा मेन रोड स्थित भारतीय मॉल में आयोजित होना निर्धारित है।
कॉन्सर्ट से पहले सोनू की माफी को विवाद शांत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अपने संदेश में उन्होंने कर्नाटक के लोगों के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि वह अपने तीन दशक पुराने रिश्ते में किसी तरह की कड़वाहट नहीं चाहते।
अब देखना होगा कि सोनू निगम के माफीनामे के बाद KRV अपना विरोध वापस लेता है या नहीं और निर्धारित कार्यक्रम को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है।
