रूस में चाकूबाजी की घटना: चार भारतीय छात्रों समेत छह घायल

Stabbing incident in Russia: Six injured, including four Indian students.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित ऊफा शहर में शनिवार को एक विश्वविद्यालय परिसर में हुई चाकूबाजी की घटना में चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए। भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हमला ऊफा स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में हुआ। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि 15 वर्षीय एक किशोर चाकू लेकर हॉस्टल में घुसा और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया।

रूस के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी ने पुलिस पर हमला किया और खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया

मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा, “ऊफा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं। दूतावास स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी सहायता के लिए ऊफा रवाना हो चुके हैं।”

रूसी संघ के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल चार लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत गंभीर, जबकि तीन की स्थिति स्थिर बताई गई है। हमलावर को भी गंभीर हालत में बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जांच जारी, आतंकी एंगल की भी पड़ताल

ऊफा प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। कुछ रूसी टेलीग्राम चैनलों में दो हमलावरों की आशंका जताई गई है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच, ‘बाज़ा’ नामक एक टेलीग्राम चैनल ने दावा किया है कि आरोपी एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा हो सकता है। चैनल के अनुसार, हमले के दौरान आरोपी कथित तौर पर उग्र राष्ट्रवादी नारे लगा रहा था।

गौरतलब है कि बड़ी संख्या में भारतीय छात्र रूस में मेडिकल की पढ़ाई के लिए जाते हैं। इससे पहले यूक्रेन युद्ध के कारण भी कई भारतीय छात्रों को संकट का सामना करना पड़ा था। इस घटना के बाद विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *