T20 वर्ल्ड कप: जीत के बावजूद USA के खिलाफ भारत को मिली चेतावनी, पावरप्ले में लापरवाही नहीं चलेगी: गावस्कर
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारत ने T20 वर्ल्ड कप 2024 के अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की, लेकिन USA के खिलाफ पहले मुकाबले ने टीम इंडिया को एक ज़रूरी चेतावनी भी दे दी। 30 रन की जीत देखने में भले ही आरामदायक लगे, लेकिन मैच के दौरान आई बल्लेबाजी की लड़खड़ाहट ने कई सवाल खड़े कर दिए।
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि यह करीबी मुकाबला भारत के लिए एक शुरुआती “वेक-अप कॉल” होना चाहिए, खासकर तब जब आगे टूर्नामेंट में कहीं ज़्यादा अनुभवी और मजबूत टीमें सामने आने वाली हैं।
स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान गावस्कर ने कहा कि भारत की बल्लेबाजी गहराई उसकी ताकत ज़रूर है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पावरप्ले में लापरवाही से विकेट गंवाए जाएं।
गावस्कर ने कहा, “160 रन बनाना आसान नहीं होता। अंत में 30 रन से जीत अच्छी है, लेकिन सीखने के लिए बहुत कुछ है। बैटिंग डेप्थ है, इसमें कोई शक नहीं, लेकिन अगर आपके आठ बल्लेबाजों में से चार विकेट पहले 7–8 ओवर में गिर जाते हैं, तो बेहतर टीमों के खिलाफ आप बड़ी मुश्किल में पड़ सकते हैं।”
उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में पावरप्ले के दौरान चार विकेट खोना खुद को दबाव में डालने जैसा है।
“छह ओवर का पावरप्ले होता है, लेकिन आप उस दौरान चार विकेट नहीं खोना चाहेंगे। वर्ल्ड इवेंट्स में हर टीम अपने परफॉर्मेंस का स्तर बढ़ा देती है,” गावस्कर ने जोड़ा।
USA के खिलाफ मुकाबले में भारत को उम्मीद के मुताबिक शुरुआत नहीं मिली। टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा और एक समय टीम इंडिया 12.4 ओवर में 77/6 पर संघर्ष कर रही थी। ऐसा लग रहा था कि भारत अपने पहले ही मैच में बेहद कम स्कोर पर सिमट सकता है।
इस मुश्किल घड़ी में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी संभाली और एक कप्तानी पारी खेली। सूर्यकुमार ने 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत 161/9 तक पहुंच सका — एक ऐसा स्कोर जो एक समय 140 भी मुश्किल लग रहा था।
भारतीय गेंदबाजों ने सूर्यकुमार की मेहनत को बेकार नहीं जाने दिया। मोहम्मद सिराज ने 2/29 के साथ शुरुआती विकेट झटके, अक्षर पटेल ने बीच के ओवरों में 2/24 लेकर दबाव बनाया, जबकि अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवर्स में 2/18 के शानदार आंकड़े दर्ज किए।
इन सभी के सामूहिक प्रयास से USA की टीम 132/8 पर सिमट गई और भारत ने मैच 30 रन से जीत लिया।
जीत के बाद भी आत्ममंथन ज़रूरी
मैच के बाद खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी माना कि बल्लेबाजी में सुधार की ज़रूरत है। उन्होंने कहा, “हम सब कुछ नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। हमें इससे बेहतर बल्लेबाजी करनी होगी। जीत के बाद भी सीखने को बहुत कुछ होता है — हम और समझदारी से बल्लेबाजी कर सकते थे।”
भारत के खाते में शुरुआती दो अंक ज़रूर आ गए हैं, लेकिन USA के खिलाफ यह मुकाबला याद दिलाता है कि T20 वर्ल्ड कप में जीत और हार के बीच का अंतर बहुत छोटा होता है। मजबूत विरोधियों के खिलाफ अगर पावरप्ले में ऐसी गलतियां दोहराई गईं, तो टीम इंडिया को भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
