सुशील मोदी बोले: भाजपा, संघ परिवार से बहुत कुछ मिला, कार्यकर्ता का पद कोई नहीं छीन सकता

चिरौरी न्यूज़

पटना: सही कहा गया है कि क्रिकेट और राजनीति अनिश्चितताओं का खेल है, एनडीए की आज सुबह हुई बैठक के बाद लगने लगा था कि बीजेपी में सब कुछ नोर्मल है और सुशील कुमार मोदी के डिप्टी सीएम पद पर बने रहने की संभावना है, लेकिन शाम होते होते सब कुछ बदल गया।

बिहार की नई सरकार में उपमुख्यमंत्री पद को लेकर संशय की स्थिति के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने एक ट्वीट किया जिसका राजनीतिक हलकों में कई मायने हैं। उन्होंने ट्वीट में कहा है कि उनसे कार्यकर्त्ता का पद कोई नहीं छीन सकता है। उन्हें भाजपा और संघ परिवार से बहुत कुछ मिला है।

सुशील मोदी ने ट्वीट किया, “भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे भी जो जिम्मेवारी मिलेगी, उसका निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।” इससे पहले एक अन्य ट्वीट में सुशील मोदी ने कहा कि तारकिशोर जी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिशः बधाई दी थी।

बता दें कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर चुके हैं। सोमवार को नयी सरकार का शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। इस बीच, नयी सरकार में मंत्रियों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर मनोनीत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह भी तय हो जायेगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या सुशील कुमार मोदी उपमुख्यमंत्री बनेंगे, कुमार ने स्पष्ट कुछ बोलने की बजाए केवल इतना कहा कि यह सब थोड़ी देर में तय हो जायेगा। इधर, केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने भी उपमुख्यमंत्री के बारे में पूछे जाने पर केवल इतना कहा, “उचित समय पर आपको जानकारी मिल जायेगी।“

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की मौजूदगी में मुख्यमंत्री आवास, एक अणे मार्ग पर राजग के घटक दलों की संयुक्त बैठक हुई। इससे पहले भाजपा की बैठक में तारकिशोर प्रसाद को भाजपा विधायक दल का नेता और रेणु देवी को उपनेता चुना गया।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *