टी20 विश्व कप 2026: सेमीफाइनल की दौड़ में पाकिस्तान के लिए आज ‘करो या मरो’ मुकाबला

T20 World Cup 2026: Do-or-die match for Pakistan today in race for semi-final spotचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के लिए आज का दिन बेहद अहम है। सुपर 8 चरण में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली पाकिस्तान टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें अब उसके अपने हाथ में हैं। कप्तान सलमान अली आगा की अगुवाई में टीम आज श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाने की कोशिश करेगी।

पाकिस्तान का मुकाबला आज पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, पल्लेकेले में श्रीलंका से होगा। इस मैच का नतीजा ही तय करेगा कि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचेगा या नहीं।

इस बीच इंग्लैंड ने पाकिस्तान को बड़ी राहत दी है। इंग्लैंड ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ को रोमांचक बना दिया। इंग्लैंड सुपर 8 ग्रुप 2 से पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। अब दूसरे स्थान के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सीधी टक्कर है।

सुपर 8 ग्रुप 2 की अंक तालिका

  1. इंग्लैंड – 6 अंक, 3 मैच, नेट रन रेट +1.096

  2. न्यूजीलैंड – 3 अंक, 3 मैच, नेट रन रेट +1.390

  3. पाकिस्तान – 1 अंक, 2 मैच, नेट रन रेट -0.461

  4. श्रीलंका – 0 अंक, 2 मैच, नेट रन रेट -2.800

पाकिस्तान अपने दूसरे सुपर 8 मुकाबले में इंग्लैंड से हार गया था, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उसका पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था।

अब पाकिस्तान को न केवल श्रीलंका को हराना है, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि वह नेट रन रेट में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ सके। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अनुसार, पाकिस्तान को न्यूजीलैंड से आगे निकलने के लिए श्रीलंका को 65 रन से अधिक के अंतर से हराना होगा या लक्ष्य का पीछा 13 ओवर के भीतर करना होगा। हालांकि सटीक आंकड़े पहली पारी के बाद ही स्पष्ट होंगे।

शुक्रवार को न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ 160 रन का बचाव करते हुए 17वें ओवर में इंग्लैंड को 117/6 पर रोक दिया था और वह सेमीफाइनल की ओर बढ़ता दिख रहा था। लेकिन विल जैक्स और रेहान अहमद की विस्फोटक बल्लेबाजी ने मैच का रुख पलट दिया और इंग्लैंड ने तीन गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

न्यूजीलैंड के कप्तान मिच सैंटनर ने मैच के बाद कहा कि जीत से उनकी राह आसान हो जाती, लेकिन इंग्लैंड ने बेहतर खेल दिखाया। अब सभी की नजरें पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले पर हैं, जहां सेमीफाइनल का दूसरा टिकट तय होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *