तमिलनाडु: विजय कैबिनेट में 9 मंत्री लेंगे शपथ, जानिए सभी के नाम

Tamil Nadu: 9 Ministers to Take Oath in Vijay's Cabinet — Know All Their Namesचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय रविवार, 10 मई को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

करीब 70 वर्षों बाद तमिलनाडु में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब राज्य में न तो डीएमके और न ही एआईएडीएमके की सरकार बनेगी। विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती थीं और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।

मुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ ही विजय अपनी पहली कैबिनेट का भी गठन करेंगे। राज्यपाल ने विजय की सिफारिश पर नौ मंत्रियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

विजय कैबिनेट में शामिल होने वाले मंत्री:

  1. एन. आनंद
  2. आधव अर्जुना
  3. डॉ. के.जी. अरुणराज
  4. के.ए. सेंगोट्टैयन
  5. पी. वेंकटरामनन
  6. आर. निर्मलकुमार
  7. राजमोहन
  8. डॉ. टी.के. प्रभु
  9. सेल्वी एस. कीर्तना़

समर्थन जुटाकर बनाई सरकार

तमिलगा वेट्री कझगम को बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी, लेकिन पार्टी के पास शुरुआती तौर पर 108 विधायक ही थे। इसके बाद विजय ने कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम), विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग से समर्थन मांगा।

विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया, जिसके बाद विजय के समर्थन में विधायकों की संख्या 120 तक पहुंच गई और सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया।

सरकार गठन को लेकर विजय ने पिछले चार दिनों में कई दौर की बैठकों के बाद शनिवार को चौथी बार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।

इस ऐतिहासिक मौके के बाद तमिलगा वेट्री कझगम के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यालयों में पटाखे फोड़े गए, मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने जश्न मनाया।

दो सीटों से जीते हैं विजय

विजय ने इस चुनाव में चेन्नई की पेरंबूर सीट और तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट — दोनों जगह से जीत हासिल की है। हालांकि उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, जिसके बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी।

फिर भी सहयोगी दलों के 13 विधायकों के समर्थन से विजय सरकार बहुमत में बनी रहेगी। कांग्रेस के पांच विधायक, जबकि सीपीआई, सीपीआई (एम), विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के दो-दो विधायक सरकार को समर्थन दे रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक विजय का मुख्यमंत्री बनना तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत है। लंबे समय से डीएमके और एआईएडीएमके के इर्द-गिर्द घूम रही राज्य की राजनीति अब एक नए नेतृत्व और नई दिशा की ओर बढ़ती नजर आ रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *