थावर चंद्र गहलोत बने कर्नाटक के राज्यपाल
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद्र गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। राज्यपाल बनाए जाने के बाद वह कल मंत्रिमंडल से इस्तीफा देंगे। गहलोत के साथ सात और राज्यपालों की नियुक्ति-तबादला किया गया है। आज गहलोत आंध्र प्रदेश में कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे जहाँ उनसे राज्यपाल बनाए जाने पर पूछा गया तो उन्होंने कहा, इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करता हूँ।
गहलोत ने कहा, ‘’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी और शीर्ष नेतृत्व ने मेरे प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए मुझे कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया है। मैं उनकी इच्छा, आकांक्षा पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।’’ उन्होंने बताया, ‘’मैं बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता, राज्यसभा की सदस्यता और मंत्री पद से कल त्यागपत्र दे दूंगा।’’
थावरचंद गहलोत मध्यप्रदेश से आते हैं और अभी वे राज्यसभा सदस्य हैं। इसके साथ ही वह बीजेपी के पार्लियामेंट्री बोर्ड और सेंट्रल इलेक्शन कमेटी के मेंबर भी हैं।
गहलोत के साथ ही मिजोरम के राज्यपाल श्रीधरन पिल्लई का तबादला कर उन्हें गोवा, हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को त्रिपुरा के राज्यपाल के रूप में स्थानांतरित और नियुक्त किया गया है। इसके अलावा त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया है और मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गयी है। डॉ। हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम का राज्यपाल और राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।