इंडियन गोल्फ यूनियन आयोजित करेगा अंतरराष्ट्रीय हैंडीकैपिंग और कोर्स कैलिब्रेशन सेमिनार
चिरौरी न्यूजनई दिल्ली: भारत में गोल्फ के विकास और इस खेल से जुड़ी तकनीकी विशेषज्ञता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) पहली बार अंतरराष्ट्रीय हैंडीकैपिंग और कोर्स कैलिब्रेशन सेमिनार का आयोजन कर रहा है। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 22 से 24 नवंबर 2026 तक मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी गोल्फ क्लब में आयोजित होगा।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से गोल्फ के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) के रूप में मान्यता प्राप्त आईजीयू इस सेमिनार का आयोजन गोल्फ की विश्व नियामक संस्था द आरएंडए और यूनाइटेड स्टेट्स गोल्फ एसोसिएशन (यूएसजीए) के सक्रिय सहयोग से कर रहा है। कार्यक्रम में भारत और पड़ोसी देशों के 60 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है।
सेमिनार में कक्षा आधारित सत्रों के साथ गोल्फ कोर्स पर व्यावहारिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे। इनमें द आरएंडए की हैंडीकैपिंग निदेशक और वर्ल्ड हैंडीकैप सिस्टम (डब्ल्यूएचएस) की संयुक्त निदेशक क्लेयर बेट्स, यूएसजीए के हैंडीकैपिंग निदेशक एवं डब्ल्यूएचएस के संयुक्त निदेशक स्टीव एडमंडसन, यूएसजीए के कोर्स रेटिंग निदेशक स्कॉट होव्डे और द आरएंडए की हैंडीकैपिंग की सहायक निदेशक जेम्मा हंटर शामिल हैं।
तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन रविवार को आईजीयू के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह और मानद सचिव शशांक संधू करेंगे। यह पहल अप्रैल 2025 में आईजीयू द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित लेवल-3 टूर्नामेंट एडमिनिस्ट्रेटर्स एंड रूल्स सेमिनार (टीएआरएस) के बाद की गई है।
क्या है वर्ल्ड हैंडीकैप सिस्टम?
वर्ष 2020 में वैश्विक स्तर पर लागू किया गया वर्ल्ड हैंडीकैप सिस्टम (डब्ल्यूएचएस) गोल्फ को अधिक सुलभ, समावेशी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। इसके माध्यम से अलग-अलग क्षमता वाले गोल्फ खिलाड़ी समान प्रतिस्पर्धी परिस्थितियों में एक-दूसरे के खिलाफ खेल सकते हैं। इस प्रणाली के दो प्रमुख घटक हैं- रूल्स ऑफ हैंडीकैपिंग और कोर्स रेटिंग सिस्टम।
डब्ल्यूएचएस के तहत गोल्फ खिलाड़ी अपना हैंडीकैप इंडेक्स प्राप्त कर सकते हैं और उसे नियमित रूप से बनाए रख सकते हैं। इस इंडेक्स का इस्तेमाल दुनिया भर के गोल्फ कोर्स में किया जा सकता है। यह प्रणाली कोर्स की कठिनाई, खेल की परिस्थितियों, खेलने के प्रारूप और खिलाड़ी की प्रदर्शन क्षमता को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता को निष्पक्ष बनाने में मदद करती है।
कोर्स कैलिब्रेशन की अहम भूमिका
डब्ल्यूएचएस का महत्वपूर्ण हिस्सा कोर्स रेटिंग और स्लोप रेटिंग है, जिसके जरिए अलग-अलग टी बॉक्स से गोल्फ कोर्स की कठिनाई का आकलन किया जाता है। कोर्स कैलिब्रेशन एक विशेष तकनीकी प्रक्रिया है, जिसमें यह मूल्यांकन किया जाता है कि एक स्क्रैच गोल्फर किसी कोर्स पर कैसा प्रदर्शन कर सकता है।
इस प्रक्रिया में कोर्स की मापी गई लंबाई, प्रभावी खेल लंबाई में होने वाले बदलाव और खेल के स्कोर को प्रभावित करने वाले 10 बाधा कारकों का विश्लेषण किया जाता है।
इसके अलावा, यह प्रणाली बोगी रेटिंग भी निर्धारित करती है। इसमें एक सामान्य बोगी गोल्फर के संभावित प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। इसके लिए पुरुष गोल्फर का हैंडीकैप इंडेक्स 20 और महिला गोल्फर का हैंडीकैप इंडेक्स 24 माना जाता है।
यूएसजीए और द आरएंडए ने डब्ल्यूएचएस की शुरुआत के साथ वर्ष 2018 में सिंगापुर में इस विशेष सेमिनार की शुरुआत की थी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को हैंडीकैपिंग और कोर्स कैलिब्रेशन की तकनीकी रूपरेखा, व्यावहारिक उपयोग और इसके मूल सिद्धांतों की गहन जानकारी देना है।
इस पूरी व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता यानी इंटीग्रिटी को सबसे महत्वपूर्ण सिद्धांत माना गया है। आईजीयू की यह पहल भारत में गोल्फ के तकनीकी ढांचे को मजबूत करने के साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विशेषज्ञ तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
