20 साल बाद फिर लौटेगा ‘परिणीता’ का जादू, 8K रिस्टोर्ड वर्जन में होगी सिनेमाघरों में रिलीज

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अभिनेत्री विद्या बालन इन दिनों अपनी डेब्यू फिल्म ‘परिणीता’ की यादों में डूबी हुई हैं, क्योंकि यह फिल्म अब 8K रिस्टोर्ड प्रिंट में सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होने जा रही है। फिल्म को प्रसाद फिल्म लैब्स द्वारा डिजिटल रूप से रिस्टोर किया गया है, जिससे इसकी खूबसूरत विजुअल्स और भावनात्मक कहानी एक नई पीढ़ी के लिए फिर से जीवंत हो उठी है।
विद्या बालन ने साझा किया कि ‘परिणीता’ की शूटिंग के दौरान निर्देशक प्रदीप सरकार किस तरह उनके लिए सीन एक्ट कर के दिखाते थे, वो बात आज भी उन्हें मुस्कुराने पर मजबूर कर देती है। खासतौर पर जब वह उनके किरदार की चाल को एक्ट करके दिखाते थे। विद्या ने कहा, “दादा जब औरतों की तरह चलकर मुझे सीन समझाते थे, तो मैं हँसते हुए कहती थी, ‘दादा, मुझे चलना सिखाने की ज़रूरत नहीं है’ (हँसते हुए)। मैं बस उन पलों को जी रही थी, कैमरे के बारे में कभी सोचा ही नहीं। यह मेरी पहली फिल्म थी और इससे बेहतर डेब्यू मैं नहीं मांग सकती थी। परिणीता में वो मासूमियत और जादू था, जो पहली बार की खासियत होती है और यही वजह है कि ये फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है।”
फिल्म का नया ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है, जो इसकी शुद्धता, खूबसूरती, संगीत और एक बीते दौर की शालीनता को फिर से सामने लाता है।
संजय दत्त ने भी फिल्म को लेकर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि ‘गिरीश’ उनका पहला बंगाली किरदार था और उन्हें यह निभाकर बेहद खुशी हुई। बंगाली संस्कृति उन्हें बेहद प्रिय है और गिरीश का शांत स्वभाव उनके भीतर गहराई से जुड़ गया था।
उन्होंने कहा, “प्रदीप दादा हमेशा साथ थे, हर सीन में मार्गदर्शन करते थे। मैं उन्हें बहुत प्यार करता हूँ और आज भी उनकी कमी महसूस होती है। विनोद ने जब मुझे यह फिल्म ऑफर की तो मैं बहुत खुश हुआ, क्योंकि उनका मेरे साथ बहुत सफल रिश्ता रहा है। कुछ सीन आज देखने में साधारण लग सकते हैं, लेकिन उन्हें करना आसान नहीं था। ट्रेलर देखकर बीस साल पुरानी यादें ताजा हो गईं। परिणीता मेरे लिए कभी सिर्फ एक फिल्म नहीं रही, इसमें दिल और प्यार दोनों था, और यही वजह है कि आज भी यह सबके दिल में एक खास जगह रखती है।”
‘परिणीता’ का यह रिस्टोर्ड संस्करण 29 अगस्त 2025 को देशभर के चुनिंदा पीवीआर आईनॉक्स सिनेमा घरों में फिर से रिलीज किया जाएगा।
