आजकल कलाकारों में बड़ी असुरक्षा है: करण जौहर

There is a lot of insecurity among actors these days: Karan Johar
(Pic: Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: फिल्म निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में टैलेंट मैनेजमेंट और वफादारी को लेकर खुलकर बात की है। हाल ही में SCREEN के साथ बातचीत में उन्होंने बताया कि आजकल कलाकारों का बार-बार एजेंसी बदलना आम हो गया है और इसकी बड़ी वजह असुरक्षा (इनसिक्योरिटी) है।

करण जौहर, जो धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी – डीसीएए के सह-मालिक हैं, ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि हर दो साल में कलाकार एक एजेंसी से दूसरी एजेंसी में चले जाते हैं। उन्होंने कहा, “हर दो साल में लोग एजेंसी बदल रहे हैं क्योंकि वे असुरक्षित महसूस करते हैं। इस बिज़नेस में कोई वफादार नहीं है। कलाकार इधर-उधर कूदते रहते हैं। आप दो साल किसी टैलेंट पर मेहनत करते हैं और वह अचानक कहीं और चला जाता है। फिर वहां अच्छा नहीं लगता तो वापस आना चाहता है। यह एक दुष्चक्र है।”

गौरतलब है कि कुछ महीनों पहले अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी छोड़कर कलेक्टिव आर्टिस्ट्स नेटवर्क जॉइन कर लिया था।

करण जौहर का कहना है कि टैलेंट मैनेजमेंट में कदम रखना उनके लिए स्वाभाविक था क्योंकि वे सालों से कलाकारों के साथ काम करते आए हैं और उनकी मानसिकता को समझते हैं। उन्होंने कहा, “इस इंडस्ट्री का 90 प्रतिशत हिस्सा लोगों, उनके अहंकार और असुरक्षाओं को संभालने में जाता है। यह बिल्कुल आसान नहीं है।”

उनके मुताबिक, यह काम सिर्फ डील साइन करने या प्रोजेक्ट प्लान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि भावनाओं और उम्मीदों को संभालना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने साफ कहा,

“अगर आप टैलेंट मैनेजमेंट को सिर्फ बिज़नेस अवसर की तरह देखेंगे तो कुछ हासिल नहीं होगा।”

करीब 31 साल से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय करण जौहर ने सफलता और असफलता को लेकर अपने नजरिए में आए बदलाव पर भी बात की। उन्होंने कहा, “31 साल इस इंडस्ट्री में बिताने के बाद मैं सफलता और असफलता को लेकर काफी शांत हो गया हूं। अगर मेरी खुशी और दुख सिर्फ मेरी सफलता और असफलता पर निर्भर करेंगे, तो मैं आईसीयू में पहुंच जाऊंगा।”

वर्कफ्रंट की बात करें तो करण जौहर ने हाल ही में फिल्म तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी का निर्माण किया था, जिसमें कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रतिक्रिया मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *