तिलक वर्मा बोले- जीत ही मेरे लिए सबसे अहम, लेकिन साथ नहीं मिला; पाकिस्तान ने इंडिया ए को 48 रन से हराया

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: “मेरे लिए सबसे अच्छी चीज मैच जीतना है। अगर हम मैच नहीं जीतते हैं, तो मेरे लिए कुछ भी बेहतर नहीं है। मैं हमेशा मुकाबले को आखिरी तक ले जाने की कोशिश करता हूं।” यह कहना है इंडिया ए के कप्तान तिलक वर्मा का, जिन्होंने पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में शानदार शतक लगाया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान शाहीन्स ने इंडिया ए को 48 रन से हरा दिया। 314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की टीम 49.1 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। कप्तान तिलक वर्मा ने 149 गेंदों पर 100 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
मैच के बाद तिलक ने कहा कि टीम को लक्ष्य का पीछा करते समय आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की जरूरत थी, लेकिन शाहबाज अहमद के आउट होने से उनकी योजनाओं को झटका लगा।
तिलक ने कहा, “अभिषेक ने जिस तरह शुरुआत की और बीच में शाहबाज ने मेरे साथ जिस तरह साझेदारी की, वह काफी अहम थी। लेकिन दुर्भाग्य से जब हम तेजी से रन बनाना चाहते थे, तभी शाहबाज आउट हो गए। अगर वह दो ओवर और टिक जाते तो शायद मैं मैच खत्म कर सकता था।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे लिए सबसे अहम मैच जीतना है। मैं हमेशा मुकाबले को आखिरी तक ले जाने की कोशिश करता हूं। अगर किसी दूसरे बल्लेबाज ने मेरा साथ दिया होता तो मैं मैच खत्म कर सकता था। कप्तान होने के नाते जिम्मेदारी लेना मुझे पसंद है।”
अभिषेक और शाहबाज ने दिखाई उम्मीद
314 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 70 रन ठोक दिए। उनकी पारी में छह चौके और छह छक्के शामिल रहे।
आयुष बडोनी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद तिलक वर्मा ने पारी संभाली और अभिषेक के साथ तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। अभिषेक के आउट होने के बाद इंडिया ए की पारी लड़खड़ा गई। कुमार कुशाग्र (2), रिंकू सिंह (6) और सूर्यांश शेडगे (3) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। 26वें ओवर में टीम का स्कोर 129/6 हो गया।
ऐसे मुश्किल समय में शाहबाज अहमद ने तिलक का साथ दिया। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी कर मैच में भारत की वापसी की उम्मीद जगाई। शाहबाज ने 49 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें एक चौका और चार छक्के शामिल थे। हालांकि, 44वें ओवर में अली रजा ने शाहबाज को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।
इसके बाद अली रजा ने विप्रज निगम को भी खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। मोहम्मद इमरान रंधावा ने हर्षित राणा को आउट किया। तिलक ने संघर्ष जारी रखते हुए 49वें ओवर में अपना शतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर अहमद दानियाल ने उनकी पारी समाप्त कर दी। इंडिया ए की पूरी टीम 265 रन पर ऑलआउट हो गई।
हसन नवाज का ऑलराउंड प्रदर्शन, पाकिस्तान ने बनाए 313 रन
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान शाहीन्स की टीम ने 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। हसन नवाज ने 82 गेंदों पर 79 रन की पारी खेली, जबकि माज सदाकत ने 63 गेंदों पर 59 और फरहान यूसुफ ने 48 गेंदों पर 56 रन बनाए।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज शामिल हुसैन और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। आयुष बडोनी ने शामिल को 33 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद हर्षित राणा ने विकेटकीपर रोहेल नजीर को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।
माज सदाकत और हसन नवाज ने तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सदाकत के 59 रन पर आउट होने के बाद हसन ने कप्तान अब्दुल समद के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 65 रन की साझेदारी हुई। हसन नवाज 79 रन बनाकर सूर्यांश शेडगे का शिकार बने।
अंतिम ओवरों में फरहान यूसुफ ने तेजी से रन बनाए और 56 रन की पारी खेली। मोहम्मद इमरान रंधावा ने भी 14 गेंदों पर 23 रन का योगदान दिया। भारतीय गेंदबाजों में सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए। हर्षित राणा और प्रिंस यादव को भी दो-दो सफलताएं मिलीं, जबकि आयुष बडोनी ने एक विकेट लिया।
हसन नवाज बने प्लेयर ऑफ द मैच
पाकिस्तान शाहीन्स की जीत में हसन नवाज ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 79 रन बनाने के बाद गेंदबाजी में 45 रन देकर तीन विकेट भी झटके। अली रजा ने भी तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद इमरान रंधावा को दो सफलताएं मिलीं। इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हसन नवाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ पाकिस्तान शाहीन्स ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
