ट्रंप ने की भारत और पीएम मोदी की जमकर तारीफ: “भारत मुझ पर 100% भरोसा कर सकता है”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार को भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक गर्मजोशी भरा संदेश दिया। नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में आयोजित अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में वर्चुअल संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा कि भारत उन पर “100 प्रतिशत भरोसा” कर सकता है।
यह कार्यक्रम ऐसे समय हुआ है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा और क्वाड साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। अपने संबोधन में ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की और दोनों देशों के रिश्तों को बेहद खास बताया।
ट्रंप ने कहा, “मैं भारत से प्यार करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी महान नेता हैं, वह मेरे दोस्त हैं। भारत मुझ पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है। अगर भारत को किसी चीज की जरूरत होगी, तो हम हमेशा साथ खड़े रहेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका इस समय रिकॉर्ड अर्थव्यवस्था और रिकॉर्ड शेयर बाजार के दौर से गुजर रहा है और भारत-अमेरिका संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहे हैं।
ट्रंप ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबीओ की भी तारीफ की, जो इस समय भारत दौरे पर हैं। उन्होंने कहा, “मार्को सबसे बेहतरीन हैं। वह अमेरिका के इतिहास के सबसे महान विदेश मंत्री साबित होंगे।”
रुबियो भारत में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं। क्वाड समूह में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं, जो इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा, समुद्री सहयोग और सप्लाई चेन मजबूत करने पर काम कर रहे हैं।
भारत-अमेरिका रिश्तों का नया दौर
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जिओ गोर ने कहा कि ट्रंप और पीएम मोदी के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंध दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “हर बार जब मेरी राष्ट्रपति ट्रंप से बात होती है, तो वह सबसे पहले पूछते हैं कि मेरे दोस्त प्रधानमंत्री मोदी कैसे हैं।”
गोर ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध अब “साझा सफलता के नए युग” में प्रवेश कर चुके हैं, जहां निवेश, व्यापार और रणनीतिक सहयोग तेजी से बढ़ रहा है।
जल्द हो सकता है व्यापार समझौता
कार्यक्रम में भारत और अमेरिका के बीच चल रही अंतरिम व्यापार समझौते की बातचीत पर भी सकारात्मक संकेत मिले। गोर ने बताया कि समझौते का ढांचा लगभग तैयार है और आने वाले कुछ हफ्तों में इस पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।
वहीं, मार्को रुबियो ने भी संकेत दिए कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।उन्होंने कहा, “हम अंतिम विवरणों पर काम कर रहे हैं। हमें पूरा भरोसा है कि बहुत जल्द व्यापार समझौता हो सकता है।”
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और निवेश को नई मजबूती देगा और दोनों देशों के रणनीतिक संबंध और गहरे होंगे।
