कोरोना संक्रमित रहे केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली:  केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का आज शाम आठ बजे एम्स हॉस्पिटल में कोरोना से निधन हो गया है। 65 वर्षीय सुरेश अंगड़ी 11 सितम्बर को कोरोना पॉजिटिव हुए थे और ट्वीट कर कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना दी थी। उसके बाद से ही वह एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती थे।

उन्होंने ट्वीट कर कहा था, ‘आज जांच में कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मेरी स्थिति ठीक है। डॉक्टरों की सलाह ले रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें और लक्षण सामने आने पर जांच करवाएं।’

आज शाम को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका दिल्ली में कल अंतिम संस्कार होगा। सुरेश आंगड़ी कोरोनावायरस की वजह से मरने वाले कर्नाटक के दूसरे सांसद हैं। इससे पहले अशोक गश्‍ती की पिछले दिनों कोरोना के कारण मौत हो गई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सुरेश अंगडी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘सुरेश आंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे, जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावशाली मंत्री थे, जो पूरे स्पेक्ट्रम में प्रशंसित थे। उनका निधन दुखदायी है। दुख की इस घड़ी में मेरी सांत्वना उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। ओम शांति।

बिहार के बेगुसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने कहा, ”कोरोना से रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी की मृत्यु के बारे में बहुत ही दुखद समाचार आ रहा है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे। कोई भी व्यक्ति कोरोना को हल्के में ना ले..बहुत ख़तरनाक है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *