NEET विवाद पर संसद में फिर हंगामा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के पांचवें दिन भी NEET परीक्षा विवाद को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में जोरदार हंगामा देखने को मिला। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई।
सरकार ने NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा कराने की सहमति जताई है, लेकिन विपक्ष का कहना है कि चर्चा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा। इसी मांग को लेकर संसद में गतिरोध लगातार जारी है।
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित
दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के कुछ ही देर बाद विपक्षी सांसदों ने “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “इस्तीफा, इस्तीफा” के नारे लगाने शुरू कर दिए। हंगामे के बीच कई सांसद सदन के वेल में पहुंच गए, जिसके बाद कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कार्यवाही के दौरान पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने विपक्ष से शांत रहने और सदन चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष को अपनी आपत्तियां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के समक्ष रखनी चाहिए, ताकि सदन की कार्यवाही सामान्य हो सके।
हंगामे के दौरान विपक्षी सांसद लगातार “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “इस्तीफा, इस्तीफा” के नारे लगाते रहे। विपक्ष का आरोप है कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री को लेनी चाहिए।
किरेन रिजिजू की विपक्ष से अपील
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से NEET मुद्दे पर चर्चा में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष चर्चा से बचता है तो इससे देश में गलत संदेश जाएगा।
लोकसभा में बोलते हुए रिजिजू ने कहा, “अगर हम NEET जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा से बचने के बहाने बनाएंगे, तो इससे देश में गलत संदेश जाएगा। सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।”
मानसून सत्र की शुरुआत से ही NEET पेपर लीक विवाद को लेकर संसद में गतिरोध बना हुआ है। सदन के भीतर जहां विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है, वहीं संसद परिसर में विपक्ष और एनडीए दोनों की ओर से अलग-अलग प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। फिलहाल सरकार चर्चा कराने के पक्ष में है, जबकि विपक्ष पहले इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है, जिसके चलते संसद की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है।
