अली गोनी और जैस्मिन भसीन पर ‘छपरी’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: लोकप्रिय टीवी कपल अली गोनी और जैस्मिन भसीन अपने सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर इंटरनेट पर ट्रोल हो गए हैं। दोनों ने एक-दूसरे के लिए “छपरी” शब्द का इस्तेमाल “मजाक” के तौर पर किया, लेकिन यह मजाक सोशल मीडिया यूज़र्स को रास नहीं आया।
दरअसल, अली गोनी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जैस्मिन की एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की, जिसमें उन्होंने क्रॉप टॉप और जींस पहनी हुई थी, और कैप्शन में लिखा, “क्या जैस्मिन छपरी है?” इसी तरह, जैस्मिन भसीन ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अली का एक स्केच शेयर करते हुए वही सवाल दोहराया।
इन दोनों की पोस्ट्स के स्क्रीनशॉट्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर वायरल हो गए और इसके बाद यूज़र्स ने दोनों को जमकर लताड़ा। एक यूज़र ने लिखा, “कितना अजीब कपल है।” वहीं एक और ने तंज कसते हुए लिखा, “लगता है साथ में रहने का कोई चैलेंज चल रहा है।” एक यूज़र ने सवाल उठाया, “क्या ये दोनों सच में ठीक हैं?”
एक और Reddit यूज़र ने लिखा, “मुझे यकीन नहीं हो रहा कि जैस्मिन को इससे कोई परेशानी नहीं है।” वहीं एक अन्य ने कहा, “ये दोनों असल में डम्ब हैं, ये मजाक भी नहीं है लेकिन फिर भी जैस्मिन ने स्केच पोस्ट किया, पर अली की तस्वीर वाली पोस्ट तो बस eww थी।”
जानकारी के लिए बता दें कि ‘छपरी’ शब्द एक जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणी मानी जाती है, जिसे सोशल मीडिया पर अक्सर किसी के ‘नीचे स्तर’ के व्यवहार या स्टाइल को दर्शाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
जैस्मिन भसीन ने दिल से दिल तक, नागिन 4: भाग्य का ज़हरीला खेल, और तश्न-ए-इश्क़ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज़ में काम किया है। उन्होंने खतरों के खिलाड़ी 9 और बिग बॉस 14 जैसे रियलिटी शोज़ में भी हिस्सा लिया था। अली गोनी और जैस्मिन दोनों बिग बॉस 14 में एक साथ नज़र आए थे और अक्सर एक-दूसरे के साथ सोशल मीडिया पोस्ट्स शेयर करते रहते हैं।
