वैभव सूर्यवंशी का जलवा: 15 साल की उम्र में TIME100 Next की सूची में शामिल, सबसे कम उम्र के सम्मानित शख्स

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। महज 15 साल की उम्र में वैभव को प्रतिष्ठित TIME मैगजीन की 2026 TIME100 Next सूची में जगह मिली है। वह इस सूची में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय एथलीट हैं और 15 वर्ष की उम्र में इसके सबसे कम उम्र के सम्मानित सदस्य भी बने हैं।
TIME100 Next उन 100 उभरती हस्तियों को सम्मानित करता है, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में भविष्य को आकार देने वाला माना जाता है। वैभव को सूची की ‘Phenom’ कैटेगरी में जगह दी गई है। TIME ने इस युवा भारतीय बल्लेबाज को वैश्विक खेल जगत की “सबसे रोमांचक प्रतिभाओं में से एक” बताया है।
बिहार में जन्मे बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 12 साल की उम्र में 2024 में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू करके सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद 2025 IPL सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। इसके साथ ही वह IPL नीलामी में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।
IPL में 35 गेंदों पर शतक ने मचाया तहलका
अपने पहले IPL सीजन में ही वैभव ने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखा दिया। उन्होंने सात पारियों में 252 रन बनाए। हालांकि, उनका सबसे यादगार प्रदर्शन गुजरात टाइटंस के खिलाफ आया, जब उन्होंने महज 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए।
दूसरे IPL सीजन में वैभव ने अपनी रफ्तार और भी बढ़ा दी। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए 16 मैचों में 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। वह टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। इतना ही नहीं, इस सीजन में उनके बल्ले से 72 छक्के निकले, जिसने एक IPL सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने का क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
वैभव की तेज रफ्तार सिर्फ IPL तक सीमित नहीं रही। जुलाई में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने भारत के लिए सीनियर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। इसके साथ ही वैभव भारत के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर बन गए और उन्होंने सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
अब तक वैभव छह T20I मुकाबले खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 193 रन हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 81 रन रहा है।
अंडर-19 विश्व कप में चमके
वैभव ने List A क्रिकेट में भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का जलवा दिखाया। जून में श्रीलंका के कोलंबो में भारत A की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो पुरुष क्रिकेट में सबसे तेज List A अर्धशतक बना।
इससे पहले इसी साल भारत की अंडर-19 विश्व कप जीत में भी वैभव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
TIME से बातचीत में वैभव ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर कहा:
“जब तक मैं मैदान पर हूं, जितनी देर भी खेलूं, अगर मैं हावी होकर खेलता रहूं तो मैच विरोधियों के हाथ से छीन सकता हूं।” वैभव सूर्यवंशी की शानदार यात्रा अभी जारी है। वह इस समय जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं।
TIME100 Next की सूची में वैभव उन चुनिंदा खेल सितारों में शामिल हैं, जिन्हें इस साल सम्मान मिला है। इस सूची में कुल सात एथलीट हैं। इनमें अमेरिकी क्वार्टरबैक आर्च मैनिंग, NBA स्टार टायरीस मैक्सी, फुटबॉलर नाओमी गिरमा और फोलारिन बालोगुन, टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंड्रा ईला और बास्केटबॉल खिलाड़ी ओलिविया माइल्स भी शामिल हैं।
15 साल की उम्र में दुनिया की नजरों में वैभव
रणजी ट्रॉफी से लेकर IPL, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, अंडर-19 विश्व कप और अब TIME100 Next तक, वैभव सूर्यवंशी का सफर बेहद कम उम्र में कई बड़े पड़ाव पार कर चुका है। 15 साल की उम्र में दुनिया के सबसे चर्चित उभरते सितारों में नाम दर्ज कराना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
भारतीय क्रिकेट के इस युवा सितारे की कहानी अभी शुरू ही हुई है और जिस रफ्तार से वैभव आगे बढ़ रहे हैं, क्रिकेट की दुनिया की नजरें अब उनके अगले रिकॉर्ड पर टिकी हैं।
