एशियन गेम्स गोल्ड जीतने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने छुए जय शाह के पैर, वायरल हुआ सम्मान का ये खास पल

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान को हराकर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। लेकिन खिताबी जीत के बाद मैदान पर एक ऐसा भावुक पल भी देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
भारत की शानदार जीत के बाद जय शाह भारतीय टीम को बधाई देने मैदान पर पहुंचे थे। इसी दौरान युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने आगे बढ़कर जय शाह के पैर छुए। भारतीय संस्कृति में बड़ों के प्रति सम्मान जताने का यह पारंपरिक तरीका है। वैभव के इस सहज और सम्मानपूर्ण अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और देखते ही देखते यह पल सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए।
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों पर 61 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 22 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की तूफानी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की ओर से हसन नवाज ने शानदार 96 रन बनाए और मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने दबाव के क्षणों में शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया।
जय शाह ने टीम इंडिया को दी बधाई
भारत की जीत के बाद जय शाह ने भी भारतीय पुरुष और महिला टीमों को एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नागोया और जापान ने क्रिकेट के इतिहास में एक नया गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा है।
जय शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय टीम को बधाई देते हुए सभी प्रतिस्पर्धी देशों, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया, आयोजकों और प्रशंसकों का भी आभार जताया। इसके बाद जय शाह ने श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को गोल्ड मेडल भी प्रदान किए।
वायरल हुआ वैभव का संस्कारी अंदाज
मैच के बाद की तमाम तस्वीरों और जश्न के बीच वैभव सूर्यवंशी का जय शाह के पैर छूना सबसे खास पलों में से एक रहा। महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बना चुके वैभव का यह अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आया।
एक तरफ मैदान पर वैभव की बल्लेबाजी और प्रतिभा की चर्चा होती रही, तो दूसरी तरफ मैच के बाद उनका यह सम्मान और संस्कार से जुड़ा जेश्चर लोगों के दिल जीत गया।
