विजय बनेंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, कल दोपहर लेंगे शपथ
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: चेन्नई: तमिलनाडु की सियासत में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख विजय ने राज्यपाल आर. वी. अर्लेकर से लगातार चौथे दिन मुलाकात की। यह अहम बैठक ऐसे समय हुई है जब खबरें हैं कि राज्यपाल ने अपनी निर्धारित केरल यात्रा भी रद्द कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, विजय को अब सरकार गठन के लिए जरूरी समर्थन मिलने लगा है। विदुथलाई चिरुथैगल कच्ची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने तमिलगा वेत्री कषगम को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान किया है। इसके बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
इससे पहले शुक्रवार को विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल से मुलाकात की थी। हालांकि उस समय राजभवन सूत्रों ने कहा था कि विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए आमंत्रित नहीं किया गया क्योंकि उन्होंने अभी तक 118 विधायकों का समर्थन साबित नहीं किया था।
विजय और आर. वी. अर्लेकर की इससे पहले बुधवार और गुरुवार को भी मुलाकात हुई थी। दोनों ही मौकों पर राज्यपाल ने यही कहा था कि टीवीके नेता के पास सदन में बहुमत का स्पष्ट समर्थन नहीं है।
उधर, अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के भीतर भी बड़े विद्रोह की खबरें सामने आ रही हैं। सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ नेता सी. वी. शन्मुगम पार्टी में टूट की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि 30 से अधिक एआईएडीएमके विधायक उनके समर्थन में हैं और इनमें से कुछ विधायक टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में हैं।
इसी बीच चेन्नई में सी. वी. शन्मुगम के कार्यालय में अहम बैठक हुई, जिसमें एस. पी. वेलुमणि, एम. आर. विजयभास्कर, नथम विश्वनाथन और सी. विजयभास्कर समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। ये सभी विधायक आज पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट से लौटे थे।
