लंदन में विजय का कार्यक्रम रद्द, भीड़ की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने जताई चिंता
चिरौरी न्यूज
लंदन: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता-राजनेता विजय के लंदन स्थित प्रतिष्ठित द शार्ड के पास प्रस्तावित सार्वजनिक कार्यक्रम को मंगलवार को रद्द कर दिया गया। पुलिस ने भीड़ की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, जिसके बाद आयोजकों को कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति नहीं मिल सकी।
विजय की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों समर्थक ब्रिटेन की सबसे ऊंची इमारत द शार्ड के बाहर जुटे थे। कई प्रशंसक घंटों से कार्यक्रम स्थल पर इंतजार कर रहे थे। कार्यक्रम रद्द होने की घोषणा के बाद समर्थकों में निराशा देखने को मिली।
विजय की टीम के एक सदस्य ने लाउडस्पीकर के जरिए भीड़ को बताया कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण आवश्यक अनुमति नहीं मिल पाने की वजह से कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। कुछ समर्थकों ने बताया कि वे लंबी दूरी तय करके कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और काफी समय से इंतजार कर रहे थे।
एक प्रशंसक ने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फैसला उचित है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लंबे समय तक इंतजार करने के कारण निराशा स्वाभाविक है। विजय इस समय ब्रिटेन के दौरे पर हैं और तमिलनाडु सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह दौरा राज्य में विदेशी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित निवेश outreach मिशन का हिस्सा है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कई कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इन समझौतों के तहत करीब 12,300 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक, इन निवेश प्रस्तावों से 9,400 से अधिक उच्च-मूल्य वाली नौकरियों के अवसर पैदा हो सकते हैं।
