विनोद कांबली की तबीयत नाजुक, छोटे भाई वीरेंद्र ने की लोगों से दुआ करने की अपील

Vinod Kambli's health is critical, younger brother Virendra appealed to people to pray for himचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं है। उनके छोटे भाई वीरेंद्र कांबली ने एक पॉडकास्ट में उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है। दिसंबर 2024 में कांबली को यूरिनरी इंफेक्शन और क्रैम्प्स की वजह से ठाणे के आकृति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वह मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर पर आराम कर रहे हैं और इलाज जारी है।

वीरेंद्र कांबली ने ‘द विक्की लालवानी शो’ में बताया, “वह घर पर हैं, हालत स्थिर हो रही है, लेकिन अभी भी इलाज चल रहा है। उन्हें बोलने में दिक्कत हो रही है, लेकिन वह धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। वह एक चैंपियन हैं और मुझे उम्मीद है कि वह फिर से चलने और दौड़ने लगेंगे। मुझे उन पर पूरा विश्वास है। मैं सभी से अपील करता हूं कि उनके लिए दुआ करें।”

उन्होंने यह भी बताया कि विनोद कांबली को 10 दिन के रिहैब के लिए भेजा गया था, जहां उनका पूरा बॉडी चेकअप, ब्रेन स्कैन और यूरिन टेस्ट कराया गया। हालांकि सभी रिपोर्ट्स सामान्य थीं, लेकिन चलने-फिरने में कठिनाई की वजह से डॉक्टरों ने फिजियोथेरेपी की सलाह दी है।

वीरेंद्र ने कहा, “उन्हें अभी भी बोलने में तकलीफ है, लेकिन वह धीरे-धीरे बेहतर हो रहे हैं। मैं बस सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि उनके लिए दुआ करें। उन्हें आपके प्यार और समर्थन की जरूरत है।”

स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के अलावा, विनोद कांबली आर्थिक तंगी से भी जूझ रहे हैं। जनवरी 2025 में उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट ने एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि उन्होंने 2023 में तलाक के लिए अर्जी दी थी, लेकिन पति की हालत देखकर उन्होंने फैसला वापस ले लिया।

एंड्रिया ने बताया, “मैंने कई बार सोचा कि उन्हें छोड़ दूं, लेकिन उनकी सेहत को लेकर हमेशा चिंता रहती थी। उनकी हालत देख कर मैंने अपना फैसला बदल दिया।”

विनोद कांबली ने अपने करियर में भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले हैं। एक समय पर क्रिकेट जगत में चमकते सितारे रहे कांबली आज मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं, और अब उन्हें अपने प्रशंसकों की दुआओं और समर्थन की सख्त जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *