विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री: 23 पदक के साथ तीसरे पयदान पर रहा भारत 

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: दुबई में 6 से 14 फरवरी के बीच आयोजित हुई 12वीं फाजा अन्तरराष्ट्रीय विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में भारत ने 23 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाते हुए अभियान का समापन किया। 23 पदकों में में 11 स्वर्ण और छह—छह रजत और कांस्य पदक शामिल हैं।  प्रवीण कुमार और निषाद कुमार ऊंची कूद में स्वर्ण पदक हासिल करते हुए एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया।  प्रवीण ने साथी भारतीय शरद कुमार (1.76 मीटर) और हमादा हसन से आगे रहते हुए 2.05 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता।

वहीं, निषाद ने पुरुषों की ऊंची कूद T46/47 में थाईलैंड के अंगकर्न चनाबून (1.93 मीटर) और उज्बेकिस्तान के ओमादबेक खासानोव (1.90 मीटर) को हराकर स्वर्ण पदक जीतने के लिए 2.06 मीटर की छलांग लगाई।  थाईलैंड 14 स्वर्ण, 13 रजत और 12 कांस्य पदक के साथ पदक तालिका में टॉप पर रहा। जबकि, उज्बेकिस्तान 13 स्वर्ण, पांच रजत और छह कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

पैरा एथलीट नवदीप और अरविंद ने टोक्यो पैरालंपिक्स के लिए क्रमशः भाला फेंक और शॉट पुट में अपना स्थान पक्का किया। नवदीप ने F41 इवेंट में 43.58 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं दूसरी तरफ, अरविंद ने टोक्यो में स्थान पक्का करने के लिए पुरुषों के शॉट पुट (F35 / 36) में 14.05 मीटर के थ्रो के साथ न्यूनतम योग्यता का आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि, वह इस स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहा।

संदीप चौधरी (F44) ने भी भाला फेंक में 61.22 मीटर की दूरी तय करते हुए स्वर्ण पदक जीता।  वहीं संदीप गुर्जर को हमवतन अजीत सिंह से पीछे रहकर कांस्य पदक के साथ संतोष करना पड़ा। प्रणव प्रशांत देसाई (T64) ने 200 मीटर में 24.96 सेकेंड के समय के साथ थाईलैंड और कजाकिस्तान के प्रतिभागियों को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

सिमरन ने महिलाओं की T13 100 मीटर और 400 मीटर में क्रमशः स्वर्ण और रजत जीता। जबकि, भाग्यश्री महावीर जाधव ने शॉट पुट में रजत पदक जीता। वो 6.18 मीटर के थ्रो के साथ मोरक्को की सईदा अमौदी (8.33 मी) से पीछे रहीं। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान भारत के प्रदर्शन ने पैरालंपिक समिति (PCI) की अध्यक्ष डॉ. दीपा मलिक को प्रफुल्ल्ति कर दिया है। उन्होंने कहा, “हमारे पैरा एथलीटों ने वास्तव में हमें बहुत गौरवान्वित किया है। यह चैंपियनशिप उन्हें टोक्यो 2020 पैरालंपिक के लिए खुद को मजबूती के साथ तैयार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण थी। इसके साथ कुछ नए चेहरों को भी प्रदर्शन करने का मौका दिया गया था।”

उन्होंने आगे कहा, “चैंपियनशिप पैरा एथलेटिक्स के लिए एक वर्ष से ज्यादा समय के अंतराल के बाद सीज़न ओपनर भी थी। अच्छा प्रदर्शन निश्चित रूप से उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगा। हमें खुशी है कि हमारे एथलीटों ने उनसे जो उम्मीद की थी, उसे पूरा किया।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *