ओडिशा ट्रेन हादसा: 294 लोगों की मौत, विपक्षी पार्टियों ने की रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को हटाने की मांग
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: रेल मंत्रालय ने शनिवार देर रात कहा कि ओडिशा के बालासोर में रेल दुर्घटना स्थल पर मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। मंत्रालय ने बताया कि पटरियों की जल्द से जल्द बहाली के लिए सात से अधिक पोकलेन मशीनें, दो दुर्घटना राहत ट्रेनें और तीन से चार रेलवे और सड़क क्रेन लगाई गई हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य कुमार चौधरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त पटरियों पर यातायात जल्द ही बहाल कर दिया जाएगा।
चौधरी ने कहा, “पूरी टीम लगी हुई है। हम सभी काम में व्यस्त हैं। हम जल्द से जल्द यातायात बहाल करने की कोशिश कर रहे हैं।”
मृतकों की संख्या
भारत के सबसे भयानक हादसों में से एक में कम से कम 294 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक घायल हुए हैं। बालासोर के अस्पतालों में मरीजों का तांता लगा हुआ है। शवों की शिनाख्त अभी भी जारी है। यात्रियों के परिजन अपने प्रियजनों को खोजने की कोशिश कर रहे हैं।
विपक्ष का सवाल
इस बीच, विपक्षी नेताओं ने रेलवे सुरक्षा के मुद्दों और संभावित खामियों पर सवाल उठाए हैं, जिसके परिणामस्वरूप 20 से अधिक वर्षों में देश की सबसे घातक रेल दुर्घटना हुई है। जबकि कांग्रेस ने बचाव और राहत प्रयासों तक इंतजार करने का फैसला किया है, रणदीप सिंह सुरजेवाला और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित पार्टी के नेताओं ने रेल मंत्रालय से इस भयानक दुर्घटना पर सफाई देने को कहा है।
रेल मंत्री को हटाने की मांग
ओडिशा ट्रेन हादसा में रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग खत्म होने के साथ ही रेल मंत्री को बर्खास्त करने की मांग तेज हो गई है।
“मोदी सरकार और खुद रेल मंत्री को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। रेल मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए, ” सुरजेवाला ने एक ट्वीट में कहा। कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने भयानक दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई सवाल किए।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर निशाना साधते हुए कहा कि “उन्हें अपना इस्तीफा सौंप देना चाहिए।”
पीएम मोदी ने दिया ‘सख्त कार्रवाई’ का आश्वासन
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को ओडिशा के बालासोर जिले में दुर्घटनास्थल का दौरा किया और उन्हें वैष्णव के साथ-साथ आपदा प्रबंधन टीमों के अधिकारियों ने जानकारी दी। उन्होंने अस्पताल में कुछ घायलों से भी मुलाकात की।
मोदी ने कहा, “मेरे पास अपना दर्द बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं…किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्रासदी की उचित और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”
