खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की कनाडा में गोली मारकर हत्या
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: कनाडा स्थित खालिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के पंजाबी बहुल सरे शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सरे में गुरु नानक सिख गुरुद्वारा का अध्यक्ष था। निज्जर सिख फॉर जस्टिस नाम के संगठन से भी जुड़ा हुआ था।
उसने ब्रैम्पटन शहर में खालिस्तान जनमत संग्रह कराने में अहम भूमिका निभाई थी।
निज्जर को पहले हिंसा और विध्वंसक गतिविधियों के विभिन्न कृत्यों में शामिल होने के कारण भारत सरकार द्वारा ‘वांछित आतंकवादी’ घोषित किया गया था। हाल ही में, निज्जर का नाम भारत सरकार द्वारा जारी एक सूची में भी शामिल किया गया था, जिसमें 40 अन्य नामित आतंकवादियों का नाम था।
2022 में, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के जालंधर में एक हिंदू पुजारी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाने के बाद निज्जर पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुजारी की हत्या की साजिश खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) ने रची थी। कनाडा में रहने वाला निज्जर KTF का प्रमुख था।
इससे पहले एनआईए ने निज्जर के खिलाफ भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचने के मामले में चार्जशीट भी दाखिल की थी
