हसन नसरल्लाह के बाद हिजबुल्लाह के नए चीफ हसन खलील यासीन की भी इजरायली हमले में मौत
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: इजराइल ने दावा किया है कि उसने शनिवार को बेरूत के दक्षिणी उपनगर में हवाई हमले में हिजबुल्लाह के एक शीर्ष खुफिया कमांडर को मार गिराया। इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि हसन खलील यासीन, हिजबुल्लाह के खुफिया विभाग की एक इकाई का नेतृत्व कर रहा था, जिसे इजराइल में लक्षित किए जाने वाले इजरायली सैन्य और नागरिक स्थलों का पता लगाने का काम सौंपा गया था।
सेना ने दावा किया कि यासीन हिजबुल्लाह मिसाइल और ड्रोन इकाइयों के साथ मिलकर काम करता था और युद्ध की शुरुआत से ही नागरिकों और सैनिकों के खिलाफ किए गए आतंकी साजिशों में “व्यक्तिगत रूप से” शामिल था और उसने आने वाले दिनों में यहूदी राष्ट्र पर अतिरिक्त हमलों की भी योजना बनाई थी। इजराइल द्वारा उसके खात्मे की खबर हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह के बेरूत पर इजरायली हवाई हमले में मारे जाने के कुछ घंटों बाद आई है।
आईडीएफ ने हमलों में उसकी मौत की खबर की पुष्टि करते हुए कहा, “हसन नसरल्लाह अब दुनिया को आतंकित नहीं कर पाएंगे।”
नसरल्लाह की मौत की खबर के बाद ईरान में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने मारे गए हिजबुल्लाह नेता के चित्र लिए हुए थे और “बदला लो”, “इज़राइल मुर्दाबाद” और “अमेरिका मुर्दाबाद” जैसे नारे भी लगाए। हिजबुल्लाह के इज़रायल के साथ नाटकीय रूप से बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की तत्काल बैठक बुलाने का भी आह्वान किया है। लेबनान ने नसरल्लाह की मौत के बाद तीन दिवसीय शोक की घोषणा की।
इज़राइल द्वारा नसरल्लाह की हत्या की घोषणा के तुरंत बाद, यहूदी राष्ट्र के कई हिस्सों में सायरन बजाए गए। लेबनान द्वारा दागा गया एक मिसाईल इज़रायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक क्षेत्र में जा गिरा, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। यरुशलम के बाहरी इलाके में हवाई हमले के सायरन भी बजाए गए, जिसके बारे में इज़रायली सेना ने कहा कि “लेबनान से इज़रायली क्षेत्र की ओर एक प्रक्षेपण” के कारण ऐसा हुआ।
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने नसरल्लाह की हत्या को “ऐतिहासिक मोड़” बताया, उन्होंने दावा किया कि देश ने “अनगिनत इज़रायलियों” और कई अमेरिकी और फ्रांसीसी नागरिकों की हत्याओं के लिए जिम्मेदार एक सामूहिक हत्यारे से “अपना हिसाब चुकता” कर लिया है।
