युजवेंद्र चहल से तलाक पर पहली बार बोलीं धनश्री वर्मा, “भूतों से नहीं, अब पॉडकास्ट से डर लगता है”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मशहूर डांसर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर धनश्री वर्मा ने पहली बार भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से अपने तलाक पर खुलकर बात की है। हाल ही में ‘ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे’ पॉडकास्ट में शामिल होकर धनश्री ने अपने दिल की बात साझा की।
हालांकि उन्होंने अपनी और चहल की शादी टूटने की वजहों को स्पष्ट रूप से नहीं बताया, लेकिन यह जरूर कहा कि इस फैसले के दौरान उन्हें और उनके परिवार को काफी डर, नकारात्मकता और संदेह का सामना करना पड़ा।
पॉडकास्ट में चहल की ओर इशारा करते हुए उन्होंने मजाक में कहा, “पता नहीं कौन कल उठ के पॉडकास्ट पर आ जाए और क्या बोल दे। डर वहीं से शुरू हो गया।” उन्होंने हँसते हुए आगे जोड़ा, “मुझे भूतों से डर नहीं लगता। मैं अंधेरे से नहीं डरती। ऊँचाई से नहीं डरती। लेकिन अब पॉडकास्ट से डर लगता है।”
“हम सबको प्यार चाहिए… और सबसे पहले आत्म-प्रेम ज़रूरी है”
पॉडकास्ट के दौरान जब उनसे प्यार के बारे में पूछा गया, तो धनश्री ने कहा, “मुझे लगता है हम सबको ज़िंदगी में प्यार चाहिए होता है। कौन नहीं चाहता कि उसे प्यार मिले?” उन्होंने आगे कहा, “कहीं न कहीं हम सबके अंदर ये उम्मीद होती है कि प्यार मिलेगा, और वही हमें आगे बढ़ाता है। हाँ, आत्म-प्रेम सबसे ज़रूरी है। पहले खुद से प्यार करो, फिर किसी और से।”
धनश्री ने यह भी बताया कि उनके माता-पिता और दोस्त भी उनके लिए एक बेहतर भविष्य की कामना करते हैं, लेकिन वह सब कुछ किस्मत पर छोड़ रही हैं।
“अगर कुछ अच्छा लिखा है मेरे लिए, तो क्यों नहीं? पेरेंट्स भी यही चाहते हैं, फ्रेंड्स भी यही चाहते हैं, और मैं भी चाहती हूं कि सब अच्छा हो। आजकल हर कोई प्यार का भूखा है। यही चीज़ सबसे ज्यादा कमी में है। और प्यार सबसे खूबसूरत अहसास है। हाँ, ये सब बहुत बॉलीवुड जैसा लगता है – फूल गिर रहे हैं, घंटियाँ बज रही हैं – लेकिन कौन नहीं चाहता ऐसा फीलिंग?”
धनश्री ने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा कि वह अपने भविष्य को “ओपन यूनिवर्स” के साथ देख रही हैं, यानी जो होना है, वह होकर रहेगा। धनश्री वर्मा और युजवेंद्र चहल की शादी दिसंबर 2020 में हुई थी। सोशल मीडिया पर दोनों की जोड़ी काफी लोकप्रिय थी, लेकिन हाल ही में दोनों ने तलाक ले लिया। चहल ने भी कुछ समय पहले राज शमानी के पॉडकास्ट में अपने तलाक को लेकर अहम खुलासे किए थे।
