सैयामी खेर ने नए प्रोजेक्ट की शुरुआत की, ताहिर राज भसीन के साथ आएंगी नजर

चिरौरी न्यूज
मुंबई: अभिनेत्री सैयामी खेर ने नए साल की शुरुआत एक नए फिल्म प्रोजेक्ट के साथ की है। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता ताहिर राज भसीन नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन डिजाइनर से फिल्ममेकर बने विक्रम फडनीस कर रहे हैं।
सैयामी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए इस नए प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की। उन्होंने सबसे पहले स्क्रिप्ट बुकलेट की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “नया साल, नई शुरुआत। हमेशा की तरह, सभी की शुभकामनाओं की जरूरत है।” इसके बाद उन्होंने एक कोलाज शेयर किया, जिसमें रीडिंग सेशन के दौरान सैयामी, ताहिर राज भसीन और विक्रम फडनीस की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शामिल थी। कोलाज में फिल्म की क्लैपबोर्ड की झलक भी दिखाई दी।
हालांकि, अभिनेत्री ने फिल्म के नाम या कहानी से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की और केवल इतना लिखा, “और आज हर खामोश दुआ अपने घर पहुंच गई।”
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैयामी खेर हाल ही में फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग पूरी कर चुकी हैं। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म अगस्त में फ्लोर पर गई थी और इसकी शूटिंग कोच्चि, ऊटी और मुंबई जैसे खूबसूरत लोकेशंस पर की गई है। खास बात यह है कि ‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान 18 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। दोनों इससे पहले फिल्म ‘टशन’ में साथ नजर आए थे।
इसी बीच, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन एक और प्रोजेक्ट ‘भूत बंगला’ पर भी साथ काम कर रहे हैं। यह हॉरर ड्रामा फिल्म है, जिसके 2025 के अंत तक रिलीज होने की संभावना है। यह फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे सफल अभिनेता-निर्देशक जोड़ियों में से एक की वापसी मानी जा रही है।
सैयामी खेर को आखिरी बार गोपीचंद मलिनेनी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जाट’ में देखा गया था। इस फिल्म में सनी देओल, रणदीप हुड्डा, रेजिना कैसंड्रा और विनीत कुमार सिंह अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी यात्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी माफी की जिद उसे एक खतरनाक अपराधी से आमने-सामने ला खड़ा करती है, जिससे दोनों के बीच जबरदस्त टकराव होता है।
