नए साल में फिटनेस मोड में लौटीं वाणी कपूर, जिम वर्कआउट वीडियो किया शेयर
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: नए साल की शुरुआत के साथ ही अभिनेत्री वाणी कपूर एक बार फिर अपने फिटनेस रूटीन में लौट आई हैं। ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ फेम एक्ट्रेस ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना लेटेस्ट जिम वर्कआउट वीडियो साझा किया है, जो तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है।
वाणी कपूर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह जिम में कड़ी मेहनत करती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने ऑरेंज कलर का क्रॉप टॉप और ब्लैक ट्राउजर पहना हुआ है, जबकि बालों को पोनीटेल में बांधा हुआ है। वीडियो में वाणी अलग-अलग तरह के वेट्स के साथ एक्सरसाइज करती दिख रही हैं, जिससे वह अपने पैरों, बाजुओं और कोर को मजबूत कर रही हैं। इसके अलावा वह फ्लोर एक्सरसाइज करते हुए भी नजर आईं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए वाणी ने कैप्शन में लिखा, “back on pace”, साथ में एक टिक मार्क इमोजी भी जोड़ा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो वाणी कपूर हाल ही में सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह और एपी ढिल्लों के नए गाने ‘आदत’ में नजर आई हैं। इस गाने को लेकर वाणी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वह इसकी एनर्जी और वाइब से तुरंत जुड़ गई थीं।
वाणी ने कहा, “मैं गाने की वाइब और एनर्जी से तुरंत आकर्षित हो गई थी। मुझे हमेशा यो यो हनी सिंह और एपी ढिल्लों का म्यूजिक पसंद रहा है, और इन दोनों का एक साथ आना अपने आप में काफी एक्साइटिंग था।”
म्यूजिक वीडियो में काम करने के अपने पहले अनुभव पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, “भूषण कुमार सर के इस गाने को सपोर्ट करने से इसका विजन और भी साफ और क्रिएटिव लगा। दो शानदार कलाकारों के साथ यह मेरा पहला म्यूजिक वीडियो था और ट्रैक का फन और स्टाइलिश नेचर देखकर मैंने तुरंत हां कह दी।”
अंत में वाणी ने कहा, “मुझे इस गाने की शूटिंग बेहद पसंद आई। मैं यो यो हनी सिंह और एपी ढिल्लों को ढेर सारी शुभकामनाएं देती हूं। उम्मीद है कि दर्शकों को ‘आदत’ पसंद आएगा — यह कैची, ग्रूवी और बिल्कुल आज के दौर का गाना है।”
फिटनेस और काम दोनों मोर्चों पर वाणी कपूर नए साल में पूरी तरह एक्टिव और एनर्जेटिक नजर आ रही हैं।
