भारत–मलेशिया संबंधों को नई मजबूती: पीएम मोदी की मौजूदगी में 6 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर, तमिल भाषा को बताया साझा सेतु
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पिछले साल किया गया वादा निभाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में भारत और मलेशिया के बीच छह अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होते देखे। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों को जोड़ने वाली “तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम” को रेखांकित किया और सांस्कृतिक, आर्थिक व रणनीतिक संबंधों को और गहरा करने पर ज़ोर दिया।
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा कि मलेशिया के शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में तमिल भाषा की मज़बूत और जीवंत उपस्थिति भारत–मलेशिया के गहरे जन-जन के रिश्तों को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भारत और मलेशिया को जोड़ता है। मलेशिया में तमिल की मज़बूत मौजूदगी शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में साफ दिखाई देती है। मुझे विश्वास है कि आज हुए ऑडियो-विज़ुअल समझौते के बाद फ़िल्म और संगीत, विशेष रूप से तमिल फ़िल्में, हमारे दिलों को और करीब लाएंगी।”
ASEAN समिट का वादा निभाया
पीएम मोदी ने कहा कि वह मलेशिया आने के लिए लंबे समय से उत्सुक थे।
“पिछले साल ASEAN शिखर सम्मेलन के लिए मैं मलेशिया नहीं आ सका था, लेकिन मैंने अपने प्रिय मित्र से वादा किया था कि मैं जल्द से जल्द मलेशिया आऊंगा। 2026 की अपनी पहली विदेशी यात्रा के लिए मैं मलेशिया आया हूं,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री मोदी की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच व्यापक वार्ता हुई, जिसे भारत–मलेशिया के समग्र रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग को मिलेगी नई धार
प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा, “सुरक्षा क्षेत्र में हम आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करेंगे। रक्षा सहयोग को भी और व्यापक बनाया जाएगा।”
इसके साथ ही दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
व्यापार और निवेश को नई गति
आर्थिक सहयोग पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि CEO फोरम ने व्यापार और निवेश के नए अवसर खोले हैं। “रणनीतिक विश्वास के माध्यम से हम आर्थिक परिवर्तन का रास्ता तैयार करेंगे,” उन्होंने कहा।
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत की तेज़ आर्थिक प्रगति की सराहना की और कहा कि ASEAN के संदर्भ में भारत के साथ सहयोग बढ़ाना मलेशिया के लिए बेहद लाभकारी होगा।
उन्होंने कहा, “भारत अंतरराष्ट्रीय आर्थिक और व्यापारिक मंच पर असाधारण गति से आगे बढ़ रहा है। यदि हम 2025 में हासिल किए गए 18.59 अरब डॉलर के व्यापार स्तर से आगे बढ़कर भारत के साथ और अवसर तलाशें, तो मलेशिया को इसका बड़ा लाभ मिलेगा।”
स्थानीय मुद्रा में लेन-देन का स्वागत
अनवर इब्राहिम ने द्विपक्षीय लेन-देन में स्थानीय मुद्राओं के उपयोग के फैसले का स्वागत करते हुए इसे “उल्लेखनीय उपलब्धि” बताया।
शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर बात करते हुए मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में मलेशियाई छात्र भारत में पढ़ चुके हैं, जबकि अब भारतीय छात्र भी मलेशिया को शिक्षा के लिए चुन रहे हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के शैक्षणिक उत्कृष्टता केंद्रों को वैश्विक पहचान मिली है। हम भारत में विभिन्न विषयों में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या बढ़ाने की संभावनाएं तलाशेंगे।”
छह समझौते और चार अहम दस्तावेज़ों का आदान-प्रदान
बैठक के बाद दोनों देशों के बीच छह समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें शामिल हैं:
- ऑडियो-विज़ुअल सह-निर्माण
- आपदा प्रबंधन सहयोग
- भ्रष्टाचार से मुकाबला
- संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन
- सेमीकंडक्टर सहयोग
इसके अलावा चार महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और रिपोर्ट भी सौंपी गईं, जिनमें:
- मलेशिया में भारतीय नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा पर ज्ञापन
- व्यावसायिक प्रशिक्षण और शिक्षा में सहयोग
- सुरक्षा सहयोग पर नोट्स का आदान-प्रदान
- स्वास्थ्य सहयोग पर नोट्स का आदान-प्रदान
अधिकारियों के मुताबिक, इन समझौतों का उद्देश्य उभरती तकनीकों, शासन, जनकल्याण और क्षेत्रीय सुरक्षा में सहयोग को बढ़ाना है।
भव्य स्वागत और उच्चस्तरीय बैठकें
पीएम मोदी और पीएम अनवर इब्राहिम ने पहले निजी मुलाकात की और बाद में कुआलालंपुर के पेरडाना पुत्रा भवन में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता का नेतृत्व किया। पीएम मोदी को यहां औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी के शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचने पर मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने स्वयं हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मलेशिया के मानव संसाधन मंत्री रमनन रामकृष्णन और उप विदेश मंत्री लुकनिस्मन बिन अवांग साउनी भी मौजूद रहे।
