करियर के मुश्किल दिनों में कोई मेरे साथ काम नहीं करना चाहता था: रिया चक्रवर्ती

During the difficult days of my career, nobody wanted to work with me: Rhea Chakrabortyचिरौरी न्यूज

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती ने अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर को लेकर खुलकर बात की है। करीब सात साल तक लगातार सार्वजनिक जांच, आलोचना और काम न मिलने के कारण रिया मेनस्ट्रीम एक्टिंग से दूर रहीं। अब वह निर्देशक हंसल मेहता की आने वाली वेब सीरीज़ के ज़रिये अभिनय की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में रिया ने बताया कि एक वक्त ऐसा भी आया जब उन्हें अपने सबसे बड़े सपने, एक्टिंग को छोड़ने का फैसला करना पड़ा।

रिया ने कहा, “जिस एक्टिंग के सपने के लिए मैंने दस साल से ज़्यादा मेहनत की थी, उसे छोड़ने के लिए मुझे कई थेरेपी सेशन लेने पड़े। मुझे इसके बारे में सोचना ही बंद करना पड़ा, क्योंकि मुझे कोई मौके नहीं मिल रहे थे। मुझे लगने लगा था कि अब यह सपना पूरा नहीं हो सकता।”

पहले ठुकरा दिया था हंसल मेहता का ऑफर

रिया ने खुलासा किया कि जब उन्हें हंसल मेहता की सीरीज़ का ऑफर मिला, तो उन्होंने शुरुआत में इसे मना कर दिया था। “हंसल सर और राइटर ने मुझसे पूछा कि मुझे क्या रोक रहा है। मैंने उन्हें साफ कहा कि मैंने एक्टिंग छोड़ दी है। तब उन्होंने कहा कि शायद यही वजह है कि मुझे यह प्रोजेक्ट करना चाहिए — यहां अच्छा या बुरा करने का दबाव नहीं है।”

वह आगे कहती हैं, “अब मुझे खुशी है कि मैंने हां कहा। सेट पर लौटना मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव था। पिछले सात सालों में मैंने ज़िंदगी के बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं। एक्टिंग साइकिल चलाने जैसी है आप इसे कभी नहीं भूलते।”

अपने करियर से ज़्यादा रिया इस दौरान मिली सच्ची दोस्ती को सबसे बड़ा सहारा मानती हैं। इंटरव्यू के दौरान वह उन महिलाओं को याद कर भावुक हो गईं जो मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ी रहीं।

रिया ने कहा, “मेरी सहेलियों ने मुझे सिखाया कि असली दोस्ती क्या होती है। बिना किसी वजह के प्यार मिलना, और तब साथ देना जब उनकी खुद की ज़िंदगी और रोज़ी-रोटी दांव पर थी  यह बहुत बड़ी बात है।”

उन्होंने सिंगर और एक्ट्रेस शिबानी दांडेकर को अपनी “बहन जैसी” बताते हुए कहा कि उनका साथ उनके लिए संजीवनी की तरह रहा।

सात साल के लंबे संघर्ष के बाद रिया चक्रवर्ती की यह वापसी सिर्फ एक कमबैक नहीं, बल्कि खुद को दोबारा खोजने की कहानी भी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस नई रिया को किस तरह अपनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *