राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, फिल्म इंडस्ट्री से की सहयोग की अपील

Sonu Sood comes forward to help Rajpal Yadav, appeals to the film industry for supportचिरौरी न्यूज

मुंबई: अभिनेता सोनू सूद ने कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव के समर्थन में सोशल मीडिया पर एक भावुक अपील की है। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के निर्माताओं और निर्देशकों से राजपाल यादव को इस कठिन दौर से “गरिमा के साथ” उबरने में मदद करने की अपील की है।

सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने वर्षों तक इंडस्ट्री को यादगार काम दिया है। उन्होंने कहा कि कई बार ज़िंदगी टैलेंट की वजह से नहीं, बल्कि गलत समय की वजह से मुश्किल हो जाती है।

सूद ने बताया कि राजपाल यादव उनकी आने वाली फिल्म का हिस्सा हैं और उन्होंने अन्य निर्माताओं व निर्देशकों से भी अभिनेता को काम देने की अपील की। उन्होंने लिखा, “एक छोटा-सा साइनिंग अमाउंट, जिसे भविष्य के काम से समायोजित किया जा सके, कोई चैरिटी नहीं बल्कि सम्मान है। जब इंडस्ट्री का कोई सदस्य मुश्किल में हो, तो उसे यह महसूस कराना ज़रूरी है कि वह अकेला नहीं है।”

यह अपील ऐसे समय आई है जब राजपाल यादव ने 2.5 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया है। दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार करते हुए आत्मसमर्पण की समय-सीमा बढ़ाने की याचिका भी खारिज कर दी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजपाल यादव ने अदालत में कहा था कि उनके पास फिलहाल मामले का भुगतान करने के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंडस्ट्री में हर कोई अपनी लड़ाई खुद लड़ता है और इस संकट से भी उन्हें अकेले ही निपटना पड़ रहा है।

54 वर्षीय राजपा यादव ने कल हो ना हो, गरम मसाला, मालामाल वीकली, फिर हेरा फेरी, चुप चुप के, पार्टनर और भूल भुलैया जैसी कई लोकप्रिय फिल्मों में अपनी कॉमिक टाइमिंग और अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। हाल ही में उन्होंने प्रियदर्शन की फिल्म भूत बंगला की शूटिंग पूरी की है और वह जल्द ही वेलकम टू द जंगल में भी नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *