उदित नारायण पर पहली पत्नी ने लागए गंभीर आरोप, ‘बिना अनुमति गर्भाशय यूटेरस निकाल दिया गया’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने सुपौल, बिहार के महिला पुलिस थाना में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। रंजना ने आरोप लगाया है कि साल 1996 में दिल्ली के एक अस्पताल में उनका गर्भाशय बिना उनकी अनुमति और जानकारी के निकाल दिया गया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस घटना में उदित नारायण के साथ उनके दो भाई संजय कुमार झा और ललित नारायण झा तथा उनकी दूसरी पत्नी दीपा नारायण शामिल थे। रंजना ने बताया कि उनका विवाह उदित नारायण से 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था, लेकिन 1985 में उदित नारायण मुंबई चले गए और दीपा नारायण से दूसरी शादी कर ली, जिसकी जानकारी उन्हें बाद में मिली।
रंजना का आरोप है कि जब भी उन्होंने उदित से दूसरी शादी के बारे में सवाल किया, उन्हें गुमराह किया गया और सही जानकारी नहीं दी गई।
रंजना ने आगे कहा कि 2006 में जब वह मुंबई में उदित से मिलने गईं तो उन्हें अपमानित किया गया और नेपाल में अपने ससुराल में भी उनका सम्मान नहीं किया गया। वह वर्तमान में अपने माता-पिता के घर रह रही हैं और स्वास्थ्य और आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रही हैं। पुलिस ने बताया कि यह घटनाक्रम लगभग तीन दशक पुराना है और मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही FIR दर्ज की जाएगी।
रंजना ने मीडिया से कहा कि उदित नारायण बार-बार वादे करते हैं लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है। यह मामला फिलहाल जांच के अधीन है और कानूनी प्रक्रिया जारी है।
