बिहार: सीएम नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को U19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के लिए 50 लाख रुपये और अंगवस्त्रम से सम्मानित किया

Bihar: CM Nitish Kumar awards Rs 50 lakh and Angavastram to Vaibhav Suryavanshi for his outstanding performance in the U19 World Cup.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: 14 वर्षीय युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से देशभर में सुर्खियां बटोरी हैं। रविवार को उन्होंने पटना स्थित 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 लाख रुपये का चेक और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैभव ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बिहार का नाम रोशन किया है और वे अपनी मेहनत व प्रतिभा के दम पर भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वैभव भविष्य में भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, “पटना स्थित 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प सभागार’ में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 की विजेता भारतीय टीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार को गौरवान्वित करने वाले श्री वैभव सूर्यवंशी जी को 50 लाख रूपए का चेक एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 की भारत की जीत में बिहार के क्रिकेटर श्री वैभव सूर्यवंशी ने अपनी महत्वूपर्ण भूमिका निभाई। वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की एक नई उम्मीद बने हैं। मेरी शुभकामना है कि श्री वैभव सूर्यवंशी भविष्य में भारतीय टीम के लिए नया कीर्तिमान रचें और देश का नाम रौशन करें।”

फाइनल में खेली ऐतिहासिक पारी

अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ वैभव ने 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के जड़े तथा मात्र 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे तेज शतकों में से एक है। उनके इस मैच जिताऊ प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया। उन्हें फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

पूरे टूर्नामेंट में वैभव ने सात मैचों में 439 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 169.50 और औसत 62.71 रहा। वे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 30 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी रहे।

IPL में भी रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास के सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं। महज 14 साल और 23 दिन की उम्र में उन्होंने आईपीएल में कदम रखा। उन्होंने Gujarat Giants के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर नया रिकॉर्ड बनाया और यूसुफ पठान का सबसे तेज भारतीय शतक का रिकॉर्ड तोड़ा।

अब वे आगामी 2026 आईपीएल सीजन में Rajasthan Royals की ओर से खेलते नजर आएंगे और उन्हें टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में गिना जा रहा है।

अंडर-19 में शानदार रिकॉर्ड

बाएं हाथ के इस विस्फोटक ओपनर ने अंडर-19 वनडे में अब तक 25 पारियों में 1,412 रन बनाए हैं। उनका औसत 56.48 और स्ट्राइक रेट 165 से अधिक है। इस दौरान उन्होंने चार शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें 175 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

अक्टूबर 2024 से उनका प्रदर्शन लगातार ऊंचाइयों पर रहा है। चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 58 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने भारत अंडर-19 के लिए यूथ टेस्ट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया था।

कम उम्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने वाले वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय क्रिकेट का भविष्य माने जा रहे हैं, और आने वाले वर्षों में उनसे और भी बड़े कारनामों की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *