यामी गौतम ने कृति सनोन के बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड जीतने पर ‘लाइकिंग’ रील पर तोड़ी चुप्पी: ‘सस्ते PR टैक्टिक्स का सहारा नहीं लिया’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एक्ट्रेस यामी गौतम ने हाल ही में सोशल मीडिया पर उठे विवाद पर सफाई दी है। दरअसल, सोशल मीडिया यूज़र्स ने देखा कि उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील को “लाइक” किया था, जिसमें कृति सेनन के हालिया बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड का मज़ाक उड़ाया गया था। इस पर बढ़ती चर्चा के बाद यामी ने स्पष्ट किया कि यह लाइक अनजाने में हुआ था।
यामी ने बताया कि उन्हें रोज़ाना बड़ी संख्या में पोस्ट में टैग किया जाता है, जिसकी वजह से कभी-कभी गलती से लाइक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में किसी भी साथी कलाकार का मज़ाक उड़ाने या उन्हें नीचा दिखाने का उनका कोई इरादा नहीं था।
अपने बयान में यामी ने कहा, “मुझे पता चला कि मैंने एक ऐसी रील को लाइक कर दिया है जो किसी दूसरे एक्टर के लिए अपमानजनक लग सकती है। हमें हर दिन कई पोस्ट में टैग किया जाता है और यह भी उन्हीं में से एक की तरह दिखाई दिया। अगर लाइक हुआ है तो वह निश्चित रूप से जानबूझकर नहीं था, बल्कि गलती से क्लिक हो सकता है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने अपने करियर में कभी भी सस्ती पीआर रणनीतियों का सहारा नहीं लिया और हमेशा अपने काम पर ही ध्यान केंद्रित किया है। यामी ने यह भी कहा कि आज की क्लिकबेट वाली दुनिया में सोशल मीडिया पोर्टल्स के लिए ऐसी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना आसान हो जाता है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि लोग उनकी छवि और काम को समझेंगे।
एक्ट्रेस ने यह भी साफ किया कि उनकी कोई पीआर टीम नहीं है और अवॉर्ड शोज़ को लेकर उनका रुख पहले से ही स्पष्ट रहा है। उन्होंने कहा कि वह केवल अपने काम पर ध्यान देना पसंद करती हैं।
दरअसल, वायरल इंस्टाग्राम रील में कृति सेनन के बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड जीतने के जश्न की एक क्लिप को यामी गौतम के THR इंडिया के एक पुराने इंटरव्यू के साथ जोड़ा गया था। उस इंटरव्यू में यामी ने कहा था कि उन्होंने अब अवॉर्ड्स से मिलने वाली वैलिडेशन की परवाह करना छोड़ दिया है। वीडियो के अंत में एक सवाल भी जोड़ा गया था, जिससे ऐसा लग रहा था कि कृति की जीत पर बहस की जा रही है।
जैसे ही इस वीडियो को सोशल मीडिया पर तेजी से देखा जाने लगा, यूज़र्स ने नोटिस किया कि यामी ने इसे लाइक किया है, जिसके बाद यह मामला ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गया। हालांकि अब यामी गौतम ने साफ कर दिया है कि यह सब अनजाने में हुआ था।
