रिहाना के लॉस एंजेलिस स्थित घर पर फायरिंग, संदिग्ध गिरफ्तार

Shots fired at Rihanna's Los Angeles home, suspect arrestedचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: विश्वप्रसिद्ध पॉप स्टार रिहाना के लॉस एंजेलिस स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार एक संदिग्ध ने रविवार (8 मार्च) को उनके घर की ओर करीब 10 गोलियां चलाईं। इस मामले में 35 वर्षीय महिला संदिग्ध इवाना ऑर्टिज़ को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना बेवर्ली हिल्स, लॉस एंजिल्स में स्थित रिहाना के घर के पास हुई। पुलिस को इलाके में गोली चलने की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से एआर-15 शैली की राइफल के खोखे बरामद किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, फायरिंग के समय रिहाना घर के अंदर मौजूद थीं। हालांकि शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर हो क्या रहा है। एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि यह घटना उनके लिए काफी डरावनी रही और वह अभी भी सदमे में हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक, रिहाना इस घर में अपने पार्टनर A$AP Rocky और बच्चों के साथ रहती हैं। घटना के बाद उन्होंने सुरक्षा और कड़ी कर दी है और एहतियात के तौर पर अपना एक फोटोशूट भी फिलहाल टाल दिया है।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध इवाना ऑर्टिज़ ने कथित तौर पर एक वाहन से रिहाना के घर की ओर एआर-15 राइफल से कई राउंड फायर किए। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसकी जमानत 10.2 मिलियन डॉलर (लगभग 85 करोड़ रुपये) तय की गई है।

अभी तक इस हमले के पीछे के मकसद का खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं रिहाना या उनकी टीम की ओर से इस घटना पर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *