गले के गंभीर संक्रमण के कारण सुनिधि चौहान ने कोलकाता कॉन्सर्ट टाला, लखनऊ शो में रो पड़ीं गायिका
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: लोकप्रिय गायिका सुनिधि चौहान इन दिनों अपने आई एम होम इंडिया टूर में व्यस्त हैं। इसी बीच उन्होंने गले में गंभीर संक्रमण के कारण अपना आगामी कोलकाता कॉन्सर्ट स्थगित करने का फैसला लिया है।
गायिका ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक पोस्ट साझा कर बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह से आवाज को आराम देने की सलाह दी है, इसलिए १४ मार्च को होने वाला कॉन्सर्ट अब २५ मार्च को आयोजित किया जाएगा।
सुनिधि चौहान ने अपने पोस्ट में लिखा कि लखनऊ में हुए उनके पिछले शो के वीडियो क्लिप्स से कई लोग उनकी तबीयत के बारे में जान चुके होंगे। उन्होंने बताया कि वह गंभीर गले के संक्रमण से जूझ रही हैं और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें कुछ समय के लिए पूरी तरह से वोकल रेस्ट लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्हें १४ मार्च को होने वाले आई एम होम कॉन्सर्ट को २५ मार्च तक के लिए पुनर्निर्धारित करने का कठिन फैसला लेना पड़ा, ताकि वह पूरी तरह ठीक होकर दर्शकों को बेहतरीन प्रदर्शन दे सकें। गायिका ने यह भी बताया कि देशभर में उनके इस टूर को जबरदस्त प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है और यही वजह है कि वह चाहती हैं कि हर शहर में दर्शकों को वैसा ही अनुभव मिले जैसा उन्होंने योजना बनाई है।
उन्होंने प्रशंसकों से सहयोग और समझदारी की अपील करते हुए यह भी स्पष्ट किया कि पहले से खरीदे गए टिकट नई तारीख पर भी मान्य रहेंगे। इससे पहले लखनऊ में हुए उनके कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में सुनिधि चौहान मंच पर दर्शकों से बात करते हुए भावुक नजर आईं और बताया कि उनकी आवाज ठीक नहीं है।
चमकदार जंपसूट पहने गायिका ने मंच पर कहा कि उनका गला बहुत खराब है, फिर भी वह दर्शकों के लिए गाना चाहती हैं। भावुक होते हुए उन्होंने दर्शकों से माफी भी मांगी और कहा कि वह हमेशा अपने प्रदर्शन में सौ प्रतिशत देने की कोशिश करती हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रशंसकों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उन्हें आराम करने की सलाह दी।
