पाकिस्तान के अबरार अहमद का ‘द हंड्रेड’ में सनराइजर्स के लिए खेलना अनिश्चित, जानिए कारण
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को इंग्लैंड की टी20 लीग द हंड्रेड की नीलामी में भारतीय मालिकाना हक वाली टीम सनराइजर्स लीड्स ने 1.90 लाख पाउंड (करीब 2.34 करोड़ रुपये) में खरीदा है। यह नीलामी रविवार को लंदन में हुई। हालांकि इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद अबरार के इस लीग में खेलने पर अभी भी संशय बना हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें इस टूर्नामेंट के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) न भी दे सकता है। इसकी वजह यह है कि उसी समय पाकिस्तान टीम का दौरा वेस्ट इंडीज तय है।
पाकिस्तान टीम 15 जुलाई से 7 अगस्त तक वेस्ट इंडीज में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जबकि द हंड्रेड 21 जुलाई से 16 अगस्त तक चलेगा। ऐसे में दोनों कार्यक्रमों के टकराव के कारण अबरार के खेलने की संभावना फिलहाल 50-50 बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, “इतनी बड़ी रकम का कॉन्ट्रैक्ट है। उनके एजेंट ने ही उनका नाम नीलामी में डाला था, जिससे लगता है कि उन्हें NOC मिलने का भरोसा है। हालांकि पाकिस्तान की टेस्ट सीरीज के कारण स्थिति अभी साफ नहीं है।”
टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने बताया कि टीम को एक क्वालिटी वाले स्पिनर की जरूरत थी। इंग्लैंड के स्टार लेग स्पिनर आदिल राशिद को नहीं खरीद पाने के बाद टीम ने विदेशी स्पिनरों पर ध्यान दिया।
वेटोरी ने कहा कि टीम की सूची में अबरार के अलावा रिशाद हुसैन और उस्मान तारिक भी शामिल थे, लेकिन आखिर में अबरार को चुना गया।
सन टीवी ग्रुप ने खरीदी फ्रेंचाइजी
यह फ्रेंचाइजी पहले नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के नाम से जानी जाती थी। हाल ही में सन टीवी नेटवर्क ने इसमें बड़ा निवेश करते हुए टीम का अधिग्रहण किया है। कंपनी ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट से 49% और यॉर्कशायर काउंटी क्रिकेट क्लब से 51% हिस्सेदारी खरीदकर करीब 100 मिलियन पाउंड में यह सौदा पूरा किया।
सन टीवी से पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद (आईपीएल) और सनराइजर्स ईस्टर्न केप (SA20 लीग) के मालिक हैं।
