अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के बाद, श्रेया घोषाल ने कहा, “मेरा भी ब्रेक लेने का मन कर रहा है”
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल ने हाल ही में संकेत दिया है कि वह भी कभी-कभी संगीत से ब्रेक लेने के बारे में सोचती हैं। उन्होंने कहा कि लगातार काम के बीच ऐसा महसूस होना स्वाभाविक है। एक बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि गायक अरिजित सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से हटने का जो फैसला लिया, वह काफी साहसिक था। उनके मुताबिक, अरिजीत दिल से संगीत बनाने वाले कलाकार हैं और वह यह नहीं सोचते कि उन्हें इससे क्या मिलेगा, बल्कि वही करते हैं जो उन्हें खुशी देता है।
श्रेया घोषाल ने ABP न्यूज से कहा कि अरिजीत की अपने कला के प्रति सच्चाई ही उन्हें दर्शकों के बीच इतना प्रिय बनाती है। उन्होंने लाइव कार्यक्रमों में लिप-सिंक करने के मुद्दे पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा करना बहुत असहज लगता है और जिस दिन उन्हें लिप-सिंक करना पड़ेगा, उस दिन वह गाना ही छोड़ देंगी।
दरअसल, इस साल की शुरुआत में Arijit Singh ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायर होने की घोषणा कर दी थी, जिससे उनके प्रशंसक हैरान रह गए थे। उनके इस ऐलान के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई प्रशंसकों ने इसे “एक युग का अंत” तक बता दिया और उनसे अपना फैसला वापस लेने की अपील भी की।
हालांकि, श्रेया घोषाल इस विचार से सहमत नहीं थीं। अरिजीत के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने लिखा कि यह किसी युग का अंत नहीं, बल्कि उनके जीवन का एक नया चरण है। उन्होंने कहा कि अरिजीत जैसे प्रतिभाशाली कलाकार को पारंपरिक सीमाओं में बांधकर नहीं देखा जा सकता और वह आगे और ऊंचाइयों तक जाएंगे। गौरतलब है कि 27 जनवरी को अरिजित ने घोषणा की थी कि वह अब प्लेबैक गायक के रूप में नए असाइनमेंट नहीं लेंगे। हालांकि, वह आगामी फिल्मएक दिन के लिए अपनी आवाज देंगे।
