द ग्रेट इंडियन कपिल शो पर जब सुनील पाल और समय रैना आमने-सामने आए
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: वर्ल्ड लाफ्टर डे के खास मौके पर प्रसारित द ग्रेट इंडियन कपिल शो का एक एपिसोड देखते ही देखते सबसे चर्चित कड़ियों में शामिल हो गया। इस एपिसोड ने दर्शकों को हंसी के साथ-साथ हैरानी और रोमांच से भी भर दिया।
समय रैना और रणवीर अल्लाहबादिया ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद पहली बार एक साथ स्क्रीन पर नजर आए, जिससे दर्शकों की उत्सुकता पहले से ही बढ़ी हुई थी। लेकिन असली चौंकाने वाला पल तब आया, जब कपिल शर्मा ने अचानक सुनील पाल की एंट्री करवाई।
पुराने विवादों के चलते कुछ देर के लिए माहौल में हल्का तनाव जरूर महसूस हुआ, लेकिन यह जल्द ही हंसी-मज़ाक में बदल गया। इसके बाद मंच पर जो हुआ, वह किसी औपचारिक सुलह से कहीं ज़्यादा दिलचस्प था, एक ज़बरदस्त ‘रोस्ट’, जिसने दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
सोशल मीडिया पर भी इस एपिसोड को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोग हैरान थे और साथ ही इस मजेदार टकराव का जमकर आनंद ले रहे थे। कुछ यूज़र्स ने मज़ाक में यह तक कह दिया कि अगर एपिसोड में मुकेश खन्ना को भी बुला लिया जाता, तो ड्रामा और भी बढ़ जाता।
समय रैना और सुनील पाल के बीच की खटास पहले से ही जगजाहिर है। ‘इंडियाज़ गॉट लेटेंट’ विवाद के दौरान सुनील पाल ने समय की कॉमेडी शैली की तीखी आलोचना की थी और यहां तक कहा था कि ऐसे तथाकथित कॉमेडियन्स समाज पर एक कलंक हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, समय रैना ने भी पलटवार करते हुए सुनील पाल को “हताश इंसान” बताया था और उनकी आलोचना को निजी कुंठा का परिणाम कहा था। कपिल शर्मा के मंच पर यह पुराना विवाद एक नए अंदाज़ में सामने आया। सुनील पाल ने चुटकी लेते हुए कहा, “अगर महफ़िल अदब की हो, तो ग़ालिब से प्यार करो, और अगर इनकी महफ़िल हो, तो बस गालियां बको।”
इस पर दर्शक हंस पड़े, लेकिन समय रैना का जवाब और भी जोरदार रहा। उन्होंने तुरंत कहा, “मैंने तो इनके वीडियो के कमेंट्स से गालियां सीखी हैं।”
इस एक लाइन ने पूरे माहौल को बदल दिया। दर्शकों की तालियों और ठहाकों से सेट गूंज उठा, और अर्चना पूरन सिंह भी अपनी हंसी नहीं रोक पाईं। देखते ही देखते यह पल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और एपिसोड को और भी यादगार बना दिया।
