गुना में अदाणी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट का भूमि पूजन; प्रणव अदाणी बोले, ‘मध्य प्रदेश विकास की नई दिशा में बढ़ रहा’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के गुना जिले में रविवार को अदाणी सीमेंट की नई ग्राइंडिंग यूनिट का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अदाणी समूह के निदेशक प्रणव अदाणी ने कहा कि यह सिर्फ एक औद्योगिक परियोजना की शुरुआत नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
प्रणव अदाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने विकास की नई गति हासिल की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग और रोजगार पर है, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा, “2025 तक मध्य प्रदेश की जीडीपी 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम गति शक्ति विजन की भी सराहना की और कहा कि लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक ढांचे और परिवहन सुविधाओं में सुधार के कारण राज्य निवेश के लिए बेहद मजबूत केंद्र बन चुका है।
प्रणव अदाणी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सिंधिया के सहयोग और प्रयासों से विकास योजनाएं तेजी से जमीन पर उतर रही हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि हाल ही में शिवपुरी जिले में अदाणी विकास केंद्र के उद्घाटन के दौरान भी सिंधिया मौजूद रहे थे।
1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दोहराया वादा
प्रणव अदाणी ने बताया कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने मध्य प्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। यह निवेश हाइड्रो पंप्ड स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, स्मार्ट मीटर और थर्मल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2030 तक इस निवेश से करीब 1.20 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
गुना में बनने वाली अदाणी सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 40 लाख मीट्रिक टन होगी। प्रणव अदाणी ने बताया कि परियोजना के पहले चरण को 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना में 1060 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा, जो अब तक गुना जिले का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है।
1500 लोगों को मिलेगा रोजगार
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से लगभग 1500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। आने वाले समय में यह परियोजना राज्य सरकार के खजाने में 6000 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान देगी। प्रणव अदाणी ने कहा, “किसी भी परियोजना की असली ताकत सिर्फ आंकड़ों में नहीं होती, बल्कि लोगों के जीवन में आने वाले बदलाव में होती है।”
उन्होंने कहा कि इस प्लांट से आसपास के क्षेत्रों में छोटे कारोबार, ट्रांसपोर्ट, सर्विस सेक्टर और स्थानीय सप्लाई चेन को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
मध्य प्रदेश के विकास में भागीदार बनेगा अदाणी समूह
प्रणव अदाणी ने कहा कि यह निवेश सिर्फ सीमेंट प्लांट में निवेश नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश के लोगों और युवाओं के भविष्य पर विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल तैयार किया है और निर्णय लेने की प्रक्रिया को तेज किया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अदाणी समूह मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और राज्य के विकास के साथ-साथ देश निर्माण में भी अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
