एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंत ने अपनी डीपफेक तस्वीरों के खिलाफ साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंत ने AI तकनीक के गलत इस्तेमाल के खिलाफ आवाज उठाते हुए साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह कदम तब उठाया, जब उनकी कथित बिकिनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। अभिनेत्री ने साफ तौर पर कहा कि ये सभी तस्वीरें पूरी तरह से नकली, मनगढ़ंत और AI की मदद से तैयार की गई हैं।
वायरल तस्वीरों में एक महिला को हरे रंग की बिकिनी पहनकर स्विमिंग पूल में उतरते हुए दिखाया गया था। हालांकि, रुक्मिणी ने तुरंत सामने आकर इन तस्वीरों से खुद को अलग कर लिया और लोगों से अपील की कि वे ऐसे कंटेंट को शेयर न करें।
23 मई को जारी अपने आधिकारिक बयान में अभिनेत्री ने कहा कि उनकी टीम ने इंटरनेट पर कुछ AI-जनरेटेड तस्वीरें देखीं, जिनमें दावा किया जा रहा था कि तस्वीरों में दिख रही महिला वही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इन तस्वीरों का उनसे कोई संबंध नहीं है और यह उनकी निजता का गंभीर उल्लंघन है।
रुक्मिणी ने कहा, “मेरी टीम और मुझे कुछ ऐसी AI-जनरेटेड तस्वीरें ऑनलाइन मिली हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वो मैं हूं। मैं साफ करना चाहती हूं कि ये तस्वीरें पूरी तरह फर्जी और मनगढ़ंत हैं। इस तरह का छेड़छाड़ किया गया कंटेंट बनाना और फैलाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी और साइबर क्राइम से जुड़ी कार्रवाई शुरू कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह समस्या केवल फिल्म इंडस्ट्री या महिला कलाकारों तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर की कई लड़कियां और महिलाएं भी ऐसी घटनाओं का शिकार बनती हैं। अभिनेत्री ने लोगों से तकनीक का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की।
रुक्मिणी ने कहा, “ऐसा सिर्फ एक्टर्स के साथ नहीं होता, बल्कि कई महिलाओं को इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह पूरी तरह गलत है और लोगों को इस बारे में गंभीरता से सोचना चाहिए। AI के कई फायदे हैं, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।”
अभिनेत्री ने यह भी भरोसा जताया कि साइबर क्राइम विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच करेगा और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा: चैप्टर 1 में नजर आ चुकीं रुक्मिणी वसंत अब जल्द ही यश के साथ टॉक्सिक और जूनियर NTR के साथ ड्रैगन में दिखाई देंगी।
