‘अपनी मां-बाप को जज बनाओ…’ समय रैना पर फिर बरसे सुनील पाल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: कॉमेडियन सुनील पाल और समय रैना के बीच चल रही जुबानी जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। अब एक बार फिर सुनील पाल ने समय रैना और उनके शो ‘India’s Got Latent Season 2’ पर तीखा तंज कसा है।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान सुनील पाल से पूछा गया कि क्या वह समय रैना के शो में गेस्ट बनकर जाना चाहेंगे। इस पर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “मैं तो नहीं जाऊंगा क्योंकि इतना बड़ा शो है, मेरे लायक नहीं है। मैं छोटा आर्टिस्ट हूं।”
इसके बाद सुनील ने शो के जजिंग पैनल को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने अर्चना पूरन सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कपिल शर्मा के शो में अर्चना पुराण सिंह हमेशा नजर आती हैं, वैसे ही समय रैना को भी अपने शो में अपने माता-पिता को बैठाना चाहिए।
सुनील पाल ने कहा, “समय रैना के शो में, जैसे कपिल शर्मा के शो में अर्चना पुराण सिंह बैठती हैं, वैसे ही समय अपने दूसरे सीजन में अपनी सगी मां और सगे पिताजी को बैठाएं और उनके सामने ये शो करें।”
दरअसल, सुनील पाल और समय रैना के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ था जब ‘India’s Got Latent’ शो विवादों में घिर गया था। शो में पॉडकास्टर रणवीर अलाहबादिया की एक आपत्तिजनक टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा था। इस मामले में कई FIR दर्ज होने की खबरें भी सामने आई थीं। उस समय सुनील पाल ने खुले तौर पर शो के फॉर्मेट और उसमें शामिल कॉमेडियंस की आलोचना की थी।
विवाद के बाद सुनील पाल कपिल शर्मा शो में भी नजर आए थे, जहां उन्होंने समय रैना और रणवीर के साथ मंच साझा किया। इस एपिसोड के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी कि शो के दौरान सुनील पाल का मजाक उड़ाया गया और उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया।
यूट्यूबर सूरज कुमार से बातचीत में सुनील पाल ने दावा किया कि उन्हें पहले से यह नहीं बताया गया था कि समय और रणवीर भी एपिसोड का हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा, “मुझे कहा गया था कि स्टैंडअप कॉमेडियंस आएंगे और शायद वे भी होंगे। मैंने 15 मिनट का स्टैंडअप एक्ट भी तैयार किया था, जिसे डायरेक्टर ने फाइनल कर दिया था। लेकिन वहां पहुंचने के बाद पता चला कि ये दोनों भी मौजूद हैं। मुझे अपना एक्ट करने का मौका ही नहीं मिला और मेरे कुछ जोक्स भी काट दिए गए।”
सुनील ने यह भी आरोप लगाया कि सेट पर माहौल ऐसा बना दिया गया था जिससे वह खुद को अकेला और टारगेट महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा, “आपने देखा होगा कि सब कुछ एकतरफा हो गया था। मुझे अभिमन्यु की तरह घेर लिया गया। लोग मेरे जोक्स पर जानबूझकर नहीं हंस रहे थे, जबकि समय के छोटे-छोटे जोक्स पर भी बढ़ा-चढ़ाकर रिएक्शन दिए जा रहे थे।”
उन्होंने शो के जज नवजोत सिंह सिद्धू और अर्चना पुराण सिंह की प्रतिक्रियाओं पर भी सवाल उठाए। सुनील ने कहा कि जिस तरह समय के साधारण जोक्स पर तारीफ की जा रही थी, उससे उन्हें लगा कि सब कुछ पहले से प्लान किया गया था।
सुनील पाल ने यह भी दावा किया कि शूटिंग के दौरान कई अभद्र इशारे और अपशब्द इस्तेमाल किए गए थे, जिन्हें बाद में एपिसोड से हटा दिया गया।
