वर्ल्ड कप से पहले अर्जेंटीना को बड़ा झटका? चोटिल होकर मैदान से बाहर गए लियोनेल मेसी

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब सिर्फ 18 दिन बाकी हैं और इसी बीच अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी को लेकर आई खबर ने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है।
इंटर मियामी और फिलाडेल्फिया यूनियन के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान मेसी अचानक चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। मैच के दौरान उनकी हालत देखकर अर्जेंटीना टीम और फैंस की चिंता बढ़ गई है।
हैमस्ट्रिंग पकड़कर मैदान से बाहर गए मेसी
यह घटना मैच के 73वें मिनट में हुई। 38 वर्षीय मेसी अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग पकड़ते हुए असहज नजर आए। इसके तुरंत बाद उन्हें मैदान से बाहर बुला लिया गया और उनकी जगह मातेओ सिल्वेट्टी को उतारा गया।
लेकिन सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि सब्स्टीट्यूट होने के बाद मेसी टीम बेंच पर नहीं बैठे। वह सीधे मैदान से ड्रेसिंग रूम की ओर चले गए। उनके इस व्यवहार ने चोट को लेकर अटकलें और तेज कर दी हैं। हालांकि अभी तक इंटर मियामी की ओर से मेसी की चोट की गंभीरता पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मेसी के बाहर जाने के बावजूद इंटर मियामी ने फिलाडेल्फिया यूनियन को 6-4 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत में लुइस सुआरेज़ ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि जर्मन बेर्टेरामे ने दो गोल किए। मैच के आखिरी क्षणों में अर्जेंटीना के खिलाड़ी रोड्रिगो डी पॉल ने भी गोल दागकर जीत पक्की कर दी। इस जीत के साथ इंटर मियामी ईस्टर्न कॉन्फ्रेंस अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
अर्जेंटीना की बढ़ी चिंता
मेसी की यह संभावित चोट ऐसे समय सामने आई है जब अर्जेंटीना अपनी वर्ल्ड कप तैयारियों के अंतिम चरण में है। टीम के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने अभी तक टूर्नामेंट के लिए अंतिम टीम की घोषणा नहीं की है। अगर मेसी की चोट गंभीर निकलती है, तो यह अर्जेंटीना की रणनीति और खिताब बचाने की उम्मीदों के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
फिलहाल पूरी दुनिया की नजर मेसी की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हुई है और फैंस उनकी जल्द वापसी की दुआ कर रहे हैं।
