एक्टर यश की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ अब इस तारीख को होगी रिलीज
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: कई बार टलने के बाद, एक्टर यश की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की रिलीज की नई तारीख तय हो गई है। यह फिल्म अब 26 अगस्त, 2026 को सिनेमा में रिलीज होगी। मेकर्स ने एक नए पोस्टर के साथ यह जानकारी दी।
इससे पहले, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण विदेशों में फ़िल्म की रिलीज़ को लेकर चिंताएं थीं, जिसकी वजह से इसकी रिलीज़ में देरी हुई थी। यश ने X पर रिलीज़ की तारीख़ की घोषणा करते हुए लिखा, “अपने पिता का सम्मान करें… #Toxic 26-08-2026 से दुनिया भर के सिनेमाघरों में।”
पिछले कुछ महीनों में फिल्म की रिलीज को लेकर कई बदलाव हुए हैं। दिसंबर 2025 में, मेकर्स ने 19 मार्च, 2026 को रिलीज की तारीख तय की थी, जिससे रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ बॉक्स-ऑफिस पर बड़ी टक्कर होने वाली थी।
हालांकि, बाद में मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के कारण उन योजनाओं में बदलाव किया गया, क्योंकि इससे विदेशों में फ़िल्म की रिलीज़ की संभावनाओं पर असर पड़ा था।
4 मार्च को, फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने घोषणा की कि ‘टॉक्सिक’ की रिलीज 19 मार्च से 4 जून कर दी गई है, क्योंकि क्षेत्रीय शटडाउन का असर इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन पर पड़ा था।
इसके बाद फ़िल्म की रिलीज़ को 4 जून से भी आगे टाल दिया गया। अब मेकर्स ने 26 अगस्त, 2026 को फ़ाइनल रिलीज़ डेट के तौर पर कन्फर्म किया है।
