अगले साल की शुरुआत में भारत आ सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप

Donald Trump may visit India early next year.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को संकेत दिया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस संभावित यात्रा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं और वह स्वयं इस साल के अंत से पहले भारत आकर अंतिम तैयारियों को पूरा करने की उम्मीद कर रहे हैं।

वॉशिंगटन डीसी में समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में रुबियो ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच संबंध बेहद मजबूत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंधों की भी जमकर सराहना की।

2020 के बाद ट्रंप की पहली भारत यात्रा हो सकती है

यदि यह दौरा तय होता है, तो यह फरवरी 2020 के बाद डोनाल्ड ट्रंप की पहली भारत यात्रा होगी। साथ ही, व्हाइट हाउस में दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा भी होगा। हाल ही में ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। पिछले 16 महीनों में दोनों नेताओं के बीच यह पहली द्विपक्षीय बैठक थी।

मार्को रुबियो ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement) पर भी सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत अंतिम चरण में है और जल्द ही समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मार्को रुबियो ने कहा कि वह उनके प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है।

ऊर्जा सहयोग पर बोलते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका ऊर्जा आपूर्ति बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जिनके पास भारी कच्चे तेल (Heavy Crude) को रिफाइन करने की उन्नत क्षमता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग भविष्य में और मजबूत होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *